पश्चिम बंगाल में महिलाएं असुरक्षित, सीएम ममता बनर्जी जिम्मेदार : भाजपा

पटना, 13 अगस्त (आईएएनएस)। कोलकाता के सरकारी अस्पताल में महिला ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुई घिनौनी वारदात से लोगों में आक्रोश है। इस मामले को लेकर भाजपा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमलावर है।

भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में महिलाएं असुरक्षित हैं, इसकी जिम्मेदार ममता बनर्जी हैं। यह हमारे लिए बहुत शर्मिंदगी की बात है। जिस प्रदेश में एक महिला ममता बनर्जी मुख्यमंत्री हैं, वहां महिला डॉक्टर जो दूसरे की जान बचाने का काम करती हैं, उस डॉक्टर की भी जान की कोई सुरक्षा नहीं है। ममता बनर्जी और इंडी गठबंधन देश-दुनिया की घटनाओं पर खूब टिप्पणी करते हैं, लेकिन जब खुद के प्रदेश की बात आती है तो वो कुछ नहीं बोलते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि अगर ममता बनर्जी महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर सकती हैं तो उनको सरकार में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। पश्चिम बंगाल में कभी संदेशखाली की घटना होती है तो कभी महिला डॉक्टर के साथ ऐसी घटना होती है। वहां पर महिलाएं असुरक्षित हैं और ममता बनर्जी इसके लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें जवाब देना चाहिए।

ऋतुराज सिन्हा ने बांग्लादेश में हिंदुओं की वर्तमान स्थिति पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज मजबूर नहीं बल्कि मजबूत देश है। सरकार ने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को शरण दी है। वहां की नई सरकार से मिलकर वहां की जनता की चिंता भी कर रही है। अगर हिंदू समाज का उत्पीड़न होगा तो मोदी सरकार जरूर हस्तक्षेप करेगी और हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।

गौरतलब है कि हिंसा और अराजकता के बाद शेख हसीना ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देकर बांग्लादेश छोड़ दिया था। उनके बांग्लादेश छोड़ने के बाद सेना ने देश की कमान संभाली थी। राजनीतिक उथल-पुथल के बीच अंतरिम सरकार का गठन हुआ था।

मोहम्मद यूनुस ने बांग्लादेश में अंतरिम सरकार के प्रमुख के रूप में शपथ ली, लेकिन, हालात काबू में नहीं हैं। हिंदुओं के ऊपर हमले किए जा रहे हैं। उनके घरों, दुकानों और मंदिरों को निशाना बनाया जा रहा है। बांग्लादेश में करीब 8 फीसदी हिंदू हैं।

–आईएएनएस

एसएम/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More