झारखंड विधानसभा चुनाव: हेमंत सोरेन का नेतृत्व और जेएमएम की अग्निपरीक्षा 

रांची: झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर केंद्रीय चुनाव आयोग के अधिकारियों का दौरा अगले महीने यानी सितंबर के पहले सप्ताह में प्रस्तावित है। इस दौरे में चुनाव आयोग की टीम झारखंड के अधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक कर चुनावी तैयारियों का जायजा लेगी। ऐसे में चर्चा एक बार फिर से यह है कि क्या झारखंड में हरियाणा और महाराष्ट्र के साथ ही चुनाव तिथियों का एलान होगा या नहीं। कयास इसलिए भी क्योंकि हरियाणा और महाराष्ट्र दोनों ही राज्यों में बीजेपी सरकार में मौजूद है तो वहीं झारखंड में विपक्ष में होने के कारण सत्ता में वापसी की राह देख रही है। वहीं सत्ताधारी झामुमो के लिए यह चुनाव किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होने वाली है। इस चुनाव परिणाम से ही तय होगा कि हेमंत सोरेन की पांच महीने की जेल यात्रा पार्टी के सत्ता में फिर से वापसी की कुंजी साबित हुई है या नहीं। 

वो पांच महीने…

31 जनवरी को अपनी गिरफ्तारी के समय सीएम पद से इस्तीफा और पिता शिबू सोरेन के अतिविश्वस्त चंपाई सोरेन को सीएम की गद्दी सौंपने का फैसला जब हेमंत सोरेन ने लिया तो झारखंड में इसे बड़ा राजनीतिक कदम माना गया क्योंकि जल्दी ही लोकसभा चुनाव होने थे और झारखंड की 14 लोकसभा सीटों का दांव बड़ा था। 2019 में इन 14 में से 12 सीटें जीतने वाली भाजपा के लिए हेमंत सोरेन का जेल जाना चुनाव के मौके पर आत्मघाती कदम कहा जा रहा था। हेमंत सोरेन की अनुपस्थिति में लोकसभा चुनाव के दौरान कल्पना सोरेन का राजनीतिक उभार जेएमएम के लिए बड़ा अवसर बना। कल्पना सोरेन ने लोकसभा चुनाव में डेढ़ सौ से अधिक सभाओं को संबोधित किया। इस बीच एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम सोरेन परिवार के लिए यह रहा कि परिवार की बड़ी बहू और जामा सीट से तीन बार की विधायक सीता सोरेन जेएमएम छोड़ बीजेपी में शामिल हो गई और दुमका से बीजेपी उम्मीदवार बन गई। 

1080x360
पिता शिबू सोरेन के साथ हेमंत सोरेन ( फाइल फोटो )

लोकसभा चुनाव के कारण पूरे देश में आचार संहिता लागू होने के चलते चंपाई सोरेन के लिए कामकाज के अवसर बहुत नहीं मिले। पहले मंत्रिमंडल विस्तार में 15 दिन और उसके बाद विधानसभा के बजट सत्र होने के कारण कामकाज का समय ज्यादा नहीं मिला। लोकसभा चुनाव में जरूर उन्होंने इंडिया गठबंधन उम्मीदवारों के पक्ष में जमकर चुनाव प्रचार किया लेकिन जमशेदपुर लोकसभा की सभी छह सीटों पर और सिंहभूम लोकसभा सीट की अपनी सरायकेला विधानसभा सीट पर जेएमएम उम्मीदवार के पिछड़ने ने उनके राजनीतिक नेतृत्व पर बड़ा सवाल खड़ा किया। 

लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन को बीते तीन चुनावों में इस बार सबसे अधिक 5 सीटें मिली जिसमें से जेएमएम को तीन और कांग्रेस के खाते में 2 सीट आई। यह सभी सीटें आदिवासी सुरक्षित थी यानी बीते 24 सालों में यह पहला मौका था जब झारखंड में बीजेपी का आदिवासी सुरक्षित सीटों से पहली बार सफाया हुआ। इस परिणाम में दुमका का भी परिणाम शामिल है जहां से सोरेन परिवार की बड़ी बहू सीता सोरेन बीजेपी उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में थी लेकिन छह में से 4 विधानसभा सीटों में पिछड़ने के बावजूद जेएमएम के नलिन सोरेन ने वह सीट जीत ली।

एक तरफ लोकसभा चुनाव की डुगडुगी थमी तो दूसरी तरफ कानूनी दांवपेंचों के जरिए जमानत पाने के हेमंत सोरेन की लड़ाई भी परवान चढ़ी और 28 जून को लगभग 5 महीने जेल में रहने के बाद उन्हें जमानत पर छोड़ने का आदेश झारखंड हाईकोर्ट ने सुना दिया। 28 जून को जेल से निकलने और 3 जुलाई को चंपाई सोरेन के सीएम पद से इस्तीफा देने व 5 जुलाई को तीसरी बार हेमंत सोरेन के सीएम बनने की घटना ने जरूर राजनीतिक पंडितों को चौंकाया लेकिन आगामी विधानसभा चुनाव में नेतृत्व के सवाल पर यह चर्चा ज्यादा लंबी नहीं चली। 

हेमंत की चुनौती

5 जुलाई को तीसरी बार सीएम की गद्दी जब हेमंत सोरेन ने फिर से संभाली तो सबसे बड़ा सवाल यह था कि जब चुनाव में महज चार महीने का ही समय शेष है तो यह कदम राजनीतिक रूप से कितना सही है लेकिन राजनीतिक जानकारों का यह कहना था कि नेतृत्व के सवाल पर यह कदम इसलिए सही था क्योंकि सीएम और हेमंत सोरेन के दो अलग-अलग चेहरे के कारण मतदाताओं में उधेड़बुन की स्थिति रहती। ऐसे में चुनाव में चेहरा एक रहे, इसके लिए हेमंत सोरेन का सीएम बनना और चंपाई सोरेन को अपने मंत्रिमंडल में रखकर हेमंत सोरेन ने विरोधियों पर बढ़त बनाने में कामयाबी हासिल की।

GUod_AMX0AAt1NA
सीएम हेमंत सोरेन ( एक कार्यक्रम के दौरान )

सीएम हेमंत के सामने सबसे बड़ी चुनौती अब रोजगार और नौकरी के मुद्दे पर युवाओं में उपजे आक्रोश और बीजेपी के उसे मुद्दा बनाने को कुंद करने की है जिसकी काट के रूप में हेमंत सोरेन ने झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की शुरूआत की जिसके तहत 21 से 50 वर्ष की आयु की महिलाओं को सालाना 12 हजार रूपए देने का एलान कर महिला वोट बैंक को साधने की कोशिश की है। इसके अलावा गठबंधन दलों के बीच सीटों के बंटवारे, बांग्लादेशी घुसपैठ समेत कई ऐसे मुद्दे हैं जिससे पार पाना हेमंत सोरेन के लिए बड़ी चुनौती होगी। 

कल्पना सोरेन का उदय या अवसान

कथित जमीन घोटाले मामले में हेमंत सोरेन के जेल जाने के बाद रांची में राहुल गांधी से मुलाकात और उसके बाद मुंबई में इंडिया गठबंधन की रैली में पहली बार राजनीतिक मंच को साझा करने से लेकर 4 मार्च को अपनी राजनीतिक पारी के शुरू करने व लोकसभा चुनाव के साथ ही गांडेय उपचुनाव के एलान के बाद गांडेय से उम्मीदवार बनने का सफर कल्पना सोरेन के लिए इतना तेज रहा कि पहली बार अपने सार्वजनिक जीवन में हेमंत सोरेन की किसी चुनाव से पूरी तरह से अनुपस्थिति भी लोगों को याद नहीं रही। 

GUocRSWXIAA7OUx
पत्नी कल्पना सोरेन के साथ सीएम हेमंत सोरेन ( फाइल फोटो )

पूरे लोकसभा चुनाव के दौरान रोजाना कई सभाओं को करने से लेकर चुनाव के दौरान जेएमएम का चेहरा बनकर लगभग डेढ़ सौ से अधिक सभाएं करने की उपलब्धि कल्पना सोरेन के लिए ऐसी रही कि उन्हें जेएमएम का बड़ा चेहरा यानी क्राउड पुलर चेहरा माना जाने लगा हालांकि जेल से हेमंत सोरेन के निकलने के बाद अब कल्पना सोरेन की राजनीतिक सक्रियता सोशल मीडिया और सीएम हेमंत सोरेन के सरकारी कार्यक्रमों तक ही सिमट कर रह गई है। ऐसे में यह सवाल उठने लगे हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान कल्पना सोरेन की भूमिका क्या होगी खासकर तब जब जेएमएम में महिला मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष का पद लंबे समय से खाली है और महिला चेहरा के रूप में पार्टी के पास राज्यसभा सांसद महुआ माजी और लोकसभा सांसद जोबा माझी के अलावा कोई दूसरा बड़ा नेता नहीं है।  

लेखक के बारे में

By Shailendra Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More