रांची: एमएमके हाई स्कूल में किया गया आज़ादी उत्सव का आयोजन
रांची: स्वतंत्रता दिवस के पूर्व एमएमके हाई स्कूल, बरियातु, राँची में आज़ादी उत्सव का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में किड्स सेक्शन के छात्रों ने विभिन्न स्वतंत्रता सेनानियों के वेश में प्रदर्शनी प्रस्तुत की, जिससे समस्त विद्यालय में देशभक्ति का माहौल बना रहा.
छोटे-छोटे बच्चों ने महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, रानी लक्ष्मीबाई और अन्य प्रमुख स्वतंत्रता सेनानियों के वेशभूषा में आकर अपने-अपने अभिनय से सभी का दिल जीत लिया. उनके द्वारा प्रस्तुत किए गए कार्यक्रम में सभी को उस समय की संघर्ष और बलिदान की याद दिला दी.
विद्यालय के निदेशक डॉ. तनवीर अहमद ने इस अवसर पर छात्रों के उत्साह और देशभक्ति की भावना की सराहना की. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से बच्चों में देशप्रेम और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना का विकास होता है. उन्होंने सभी शिक्षकों और अभिभावकों को इस आयोजन की सफलता के लिए धन्यवाद दिया.
