झारखंड : 565 पदों पर सैप करेगा भूतपूर्व सैनिकों की बहाली, चयन समिति गठित

रांची: स्पेशल ऑक्सिलियरी पुलिस (सैप) की दोनों बटालियनों में 565 पदों पर पूर्व सैनिकों की बहाली होगी. रांची के डोरंडा स्थित झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप) वन परिसर में 27 से 29 अगस्त तक विभिन्न पदों पर पूर्व सैनिकों की बहाली होगी. प्रशिक्षण निदेशालय के अनुरोध पर पुलिस मुख्यालय ने नियुक्ति प्रक्रिया के लिए छह सदस्यीय चयन समिति गठित की है.
बता दें कि सैप में जेसीओ, हवलदार और सेवानिवृत्त सिपाही संविदा के आधार पर नियुक्त किए जाते हैं, जिन्हें एकमुश्त मासिक वेतन दिया जाता है. झारखंड राज्य के पूर्व सैनिक उपलब्ध नहीं होने पर ही रिक्त पदों पर दूसरे राज्यों के पूर्व सैनिकों की नियुक्ति की जाएगी. उन्हें प्रति वर्ष 30 दिन का क्षतिपूर्ति अवकाश मिलेगा. सरकारी सेवा के दौरान यात्रा भत्ता और दैनिक भत्ता नियमानुसार मिलेगा. कर्तव्य निर्वहन के दौरान उग्रवादी हिंसा में मारे गए राज्य पुलिसकर्मियों के आश्रितों को दिया जाने वाला अनुग्रह भत्ता, मृतक सैप कर्मियों के आश्रितों (पत्नी, पति, पुत्र, अविवाहित पुत्री, पुत्र की विधवा, भाई, अविवाहित बहन, माता-पिता) को भी दिया जाएगा.
