109 प्रकार की उच्च उपज देने वाली फसलों के बीजों में जीएम बीज शामिल नहीं है, सरकार दें आश्वासन : भारतीय किसान संघ

नई दिल्ली, 13 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े किसानों के सबसे बड़े संगठन भारतीय किसान संघ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में 109 प्रकार की उच्च उपज देने वाली फसलों की किस्मों के जारी किए जाने का स्वागत किया।

उन्होंने सरकार से देश, किसानों और पर्यावरणविदों को यह आश्वासन देने की मांग की है कि बीजों में जीएम बीज शामिल नहीं किया जाए। भारतीय किसान संघ (बीकेएस) ने मोदी सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि ये बीज आगे चलकर अपना कर्तृत्व दिखायेंगे और किसानों के लिए लाभकारी साबित होंगे।

लेकिन इसके साथ ही संघ ने जीएम (जेनेटिक रूप से मॉडिफाइड) बीज को लेकर चिंता भी जाहिर की है। भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इन बीजों के झुंड में जेनेटिक रूप से मॉडिफाइड (जीएम) बीज शामिल न हों।

बीकेएस का मानना है कि जीएम बीज स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए हानिकारक हैं और अभी तक कोई जीएम बीज वैज्ञानिक तौर-तरीके से भारत में नहीं आया है।

बता दें कि बीकेएस लंबे समय से जीएम बीजों का विरोध करता रहा है। समय-समय पर जीएम बीजों के खिलाफ अनेक आंदोलन भी किए हैं। संघ हमेशा से ही भारतीय स्वदेशी बीजों का पक्षधर रहा है। भारतीय किसान संघ के नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से आग्रह किया है कि वे देश, किसानों और पर्यावरणविदों को आश्वस्त करें कि इन जारी किए गए 109 बीजों में कोई जीएम बीज नहीं है।

–आईएएनएस

एसटीपी/एफजेड

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More