ग्रेटर नोएडा पहुंचा जापान का प्रतिनिधिमंडल, इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप का किया भ्रमण

ग्रेटर नोएडा, 12 अगस्त (आईएएनएस)। जापान के एक प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा की यात्रा के दौरान प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार और एसीईओ अन्नपूर्णा गर्ग के साथ बैठक की। उन्होंने इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप का भ्रमण भी किया।

प्रतिनिधिमंडल जापान वापस जाकर निवेशकों को टाउनशिप के बारे में जानकारी देगा। जापान बैंक फॉर इंटरनेशनल कारपोरेशन (जेबीआईसी) का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पहुंचा।

प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के साथ बैठक की। सीईओ ने प्रतिनिधिमंडल को ग्रेटर नोएडा और इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप के इंफ्रास्ट्रक्चर के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

इससे पहले प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ और आईआईटीजीएनएल की निदेशक अन्नपूर्णा गर्ग, कंपनी सेक्रेटरी पतंजलि दीक्षित और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर टाउनशिप का भ्रमण भी किया। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि वे जापान के निवेशकों को टाउनशिप में निवेश करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। टाउनशिप में बड़े पैमाने पर निवेश की उम्मीद है।

जापान बैंक फॉर इंटरनेशनल कारपोरेशन, भारत सरकार की नेशनल इंडस्ट्रियल कॉरिडोर डेवलपमेंट प्रोग्राम में जापान की तरफ से सहयोग प्रदान करता है। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जेबीआईसी की बोर्ड सदस्य नोरिको नासू कर रही थीं।

उन्होंने इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप में ‘प्लग एंड प्ले इंफ्रास्ट्रक्चर’ के अंतर्गत विकसित की गई सुविधाओं जैसे ऑटोमेटेड सॉलिड वेस्ट कलेक्शन सिस्टम तथा पावर सबस्टेशन फैसिलिटी की सराहना की।

दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के अंतर्गत आईआईटीजीएनएल की तरफ से इंटीग्रेटेड टाउनशिप करीब 750 एकड़ में इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप बसाई गई है। इस टाउनशिप में उद्यमी तत्काल प्लांट लगाकर काम शुरू कर सकते हैं।

इस टाउनशिप में वर्क-टू-साइकिल, 24 घंटे बिजली, एलईडी लाइट जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। यह टाउनशिप सीसीटीवी से भी लैस होगी। इस टाउनशिप की सुरक्षा के लिए इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम बनाया जाएगा।

–आईएएनएस

पीकेटी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More