भारत अल्पसंख्यकों के लिए सबसे सुरक्षित देश है : किरेन रिजिजू

नई दिल्ली, 12 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्षी दलों पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि भारत, अल्पसंख्यकों के लिए सबसे सुरक्षित देश है। लेकिन, देश को बदनाम करने के लिए दुनियाभर में सुनियोजित अभियान चलाया जा रहा है।

भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय में सोमवार को आयोजित ‘डॉ. कलाम स्टार्टअप यूथ अवॉर्ड कार्यक्रम’ को संबोधित करते हुए किरेन रिजिजू ने कहा कि दुनिया के अन्य देशों में अल्पसंख्यक समुदाय के हालात की बात करें तो वहां पर उन्हें जीवन जीने और सुरक्षा के लिए भी संघर्ष करना पड़ता है और इस लिहाज से देखा जाए तो भारत में सही मायनों में कोई भी अल्पसंख्यक नहीं है, क्योंकि हमारे देश में सबको बराबर अधिकार मिले हुए हैं।

केंद्रीय मंत्री ने विपक्षी दलों पर आरोप लगाते हुए कहा कि अल्पसंख्यकों के लिए सुरक्षित देश होने के बावजूद कुछ राजनीतिक दल और कुछ लोग देश के अंदर और बाहर जाकर एक सुनियोजित अभियान चलाते हैं कि भारत में अल्पसंख्यक सुरक्षित नहीं हैं।

उन्होंने बिना नाम लिए निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग जब भी विदेश जाते हैं तो वहां पर यह साबित करने की कोशिश करते हैं कि भारत में अल्पसंख्यक सुरक्षित नहीं हैं। ऐसे लोग भारत को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा करते हैं और इसका जवाब देना जरूरी है।

किरेन रिजिजू ने आगे कहा कि चीन द्वारा तिब्बत पर कब्जा करने से लेकर म्यामांर, श्रीलंका और बांग्लादेश सहित किसी भी देश में जब लोकतंत्र के हालात खराब होते हैं तो वहां के लोग भारत आते हैं। वे भारत आना चाहते हैं, क्योंकि यहां सबको सुरक्षा मिलती है।

वहीं, भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य एवं राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन इकबाल सिंह लालपुरा ने भी कार्यक्रम में बोलते हुए कहा कि दुनिया में एक ही देश भारत है, जहां अल्पसंख्यक पूरी तरह से सुरक्षित हैं और 1947 के बाद से देश में अल्पसंख्यक समुदाय की आबादी बढ़ी है और अब यह हमारा (अल्पसंख्यक समुदाय) फर्ज है कि देश की एकता,अखंडता और मजबूती के लिए काम करें।

भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष ने कार्यक्रम में पूर्व राष्ट्रपति और महान वैज्ञानिक डॉ. कलाम को याद करते हुए कहा कि भाजपा इकलौता ऐसा राजनीतिक दल है, जो डॉ. कलाम को याद करता है, उनकी जयंती मनाता है। आज भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने उनके नाम से अवॉर्ड की भी शुरुआत कर दी है।

कार्यक्रम का आयोजन भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी द्वारा किया गया। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम सहित अन्य कई नेता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

–आईएएनएस

एसटीपी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More