हमारी बहनें सशक्तीकरण की राह पर अग्रसर हैं : सीएम धामी

देहरादून, 12 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव’ योजना एवं ‘मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तीकरण’ योजना के अंतर्गत महिला समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने इन स्टॉल्स का अवलोकन करते हुए स्थानीय उत्पाद भी खरीदे।

सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रदेश में महिला स्वयं सहायता समूह को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। राज्य की महिलाएं समूहों के माध्यम से बहुत बेहतर उत्पाद बना रही हैं। समूहों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिल रही है, रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि रक्षा बंधन से पूर्व स्वयं सहायता समूह द्वारा राखियां बनाई जा रही हैं। सरकार द्वारा महिलाओं को अपने उत्पाद बेचने के लिए सुविधा अनुसार मंच उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों से आगामी रक्षा बंधन के लिए स्थानीय स्तर पर बनी राखियों एवं अन्य उत्पाद खरीदने का आग्रह किया।

सीएम धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, “सचिवालय में मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना एवं मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तीकरण योजना के अंतर्गत मातृशक्ति द्वारा लगाए गए स्टॉलों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर घी की खरीदारी कर बहनों को प्रोत्साहित भी किया। स्टॉलों पर उपलब्ध उत्पादों का अवलोकन कर निश्चित रूप से कह सकता हूं कि हमारी बहनें समूहों के माध्यम से जुड़कर बेहतर उत्पाद बना रही हैं और सशक्तीकरण की राह पर अग्रसर हैं। वह अपने साथ ही परिवार की आर्थिकी और तरक्की में भी योगदान दे रही हैं।”

उन्होंने आगे लिखा, “स्वयं सहायता समूह द्वारा राखियां भी बनाई जा रही हैं। समस्त प्रदेशवासियों से अनुरोध है कि आप सभी इस रक्षाबंधन पर स्थानीय स्तर पर बनी राखियों एवं अन्य उत्पाद के क्रय को बढ़ावा दें और नारी शक्ति सशक्तीकरण में अपना योगदान सुनिश्चित करें।”

–आईएएनएस

पीएसके/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More