मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भोपाल में की तिरंगा यात्रा की शुरुआत

भोपाल, 12 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के नरेला विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सोमवार को तिरंगा यात्रा की शुरुआत की। इस मौके पर युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक का जोश उफान पर था।

राजधानी के नरेला विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री डॉ यादव ने पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी विवेक सागर और पदक जीतने वाले अंतरराष्ट्रीय शूटर ऐश्वर्या प्रताप सिंह का सम्मान किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग सहित तमाम नेताओं ने आजादी का जश्न मनाने के लिए हर किसी से हिस्सेदार बनने का आह्वान किया।

इस तिरंगा यात्रा के स्वागत के लिए 100 से ज्यादा मंच बनाए गए हैं और जगह-जगह स्वागत किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री के अलावा तमाम अन्य नेता जीप पर सवार होकर नरेला विधानसभा की सड़कों पर गुजरे। उनके हाथ में तिरंगा था।

इस तिरंगा यात्रा में शामिल युवाओं से लेकर छात्रों और बुजुर्गों में गजब का जोश नजर आ रहा था। भारत माता की जय के नारे गुंजायमान हो रहे थे।

राज्य सरकार और भाजपा ने स्वाधीनता दिवस के मौके पर हर घर तिरंगा अभियान चलाया हुआ है और डेढ़ करोड़ स्थान पर तिरंगा लगाने का संकल्प लिया है। इसके लिए जगह-जगह काउंटर बनाए गए हैं जहां से लोगों को तिरंगा आसानी से मिल सके। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में इस अभियान के तहत तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि डेढ़ करोड़ घरों तक तिरंगा झंडा सुगमता से उपलब्ध हो और लोगों को अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए आसानी से मिल सके, इसके लिए भाजपा संगठन और सरकार की ओर से प्रयास किए गए हैं। केंद्र सरकार की ओर से डाकघर एवं अन्य माध्यमों से भी झंडा उपलब्ध कराए जा रहे हैं। भाजपा का लक्ष्य है कि प्रदेश के हर घर में तिरंगा फहराया जाए, हर व्यक्ति को तिरंगा फहराने के लिए झंडा उपलब्ध कराने का प्रयास भाजपा की ओर से किया जा रहा है।

–आईएएनएस

एसएनपी/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More