सपा के गढ़ करहल पहुंचे डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, कहा- ‘भाजपा को मिलेगा प्रचंड बहुमत’

मैनपुरी , 11 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है। इसके चलते राजनीतिक दल सक्रिय हो गए हैं और सियासी गुणा-गणित भी शुरू हो गया है। मैनपुरी की करहल सीट पर भाजपा और समाजवादी पार्टी जीत का दावा कर रही हैं।

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करहल विधानसभा सीट की जिम्मेदारी उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक को सौंपी है। इसके चलते वो रविवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव के गढ़ करहल पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी रणनीति तैयार की।

बृजेश पाठक ने कहा कि ”करहल विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी जीतने जा रही है। केंद्र और प्रदेश सरकार की जो कल्याणकारी योजनाएं हैं ,वो जन-जन तक पहुंची हैं। लोगों का मानना है कि भाजपा इस बार करहल में प्रचंड बहुमत के साथ जीतेगी।”

उन्होंने कहा कि करहल विधानसभा सीट पर प्रत्याशी अभी तय नहीं हुआ है। हमारी पार्टी को अभी इस पर फैसला लेना है। जैसे ही उम्मीदवार के नाम पर मुहर लगेगी, तो मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी दी जाएगी।

बता दें कि मैनपुरी की करहल सीट समाजवादी पार्टी का गढ़ मानी जाती है। 1993 के बाद केवल एक चुनाव को छोड़ दें तो सपा के प्रत्याशियों को कोई नहीं हरा पाया है। अखिलेश यादव ने अपना पहला विधानसभा चुनाव भी इसी सीट से लड़ा था।

2022 विधानसभा चुनाव में भी अखिलेश यादव करहल सीट से जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। उन्होंने केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल को हराया था। अखिलेश यादव 2024 लोकसभा चुनाव में कन्नौज लोकसभा सीट से जीतकर लोकसभा पहुंचे हैं।

कन्नौज से सांसद चुने जाने के बाद उन्होंने विधायकी से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से यह सीट रिक्त है। ऐसे में उपचुनाव में सपा इस सीट पर अपने दबदबे को कायम रखना चाहती है।

–आईएएनएस

एसएम/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More