हमारी संस्कृति दुनिया में सर्वश्रेष्ठ : सीएम मोहन यादव

भोपाल, 11 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को भोपाल के रविंद्र भवन में उच्च शिक्षा और स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित छात्राओं के संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारतीय महिलाएं शौर्य और पराक्रम का महत्वपूर्ण उदाहरण रही हैं। देश का इतिहास महिलाओं के साहस से भरा है।

सीएम मोहन यादव ने कहा कि महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। इस कड़ी में देश की संसद और विधानसभा में एक तिहाई स्थान पर महिलाओं के निर्वाचन के प्रावधान के प्रयास ऐतिहासिक होंगे। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आने वाले दो-तीन वर्ष में देश में महिला कल्याण और महिला सशक्तीकरण का नया अध्याय लिखा जाएगा। भारत का पिछले 500 वर्ष का इतिहास महिलाओं के गौरव और शौर्य से परिपूर्ण है। रानी दुर्गावती का 500वां वर्ष चल रहा है। आज की युवा पीढ़ी को उनके शौर्य के बारे में जानकारी होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की बेटी रानी दुर्गावती ने अपने शासन काल में 51 लड़ाइयां लड़ीं। रानी दुर्गावती ने अकबर की सेना को पूरी वीरता के साथ तीन बार पराजित किया। उन्होंने झांसी की रानी की वीरता का भी उल्लेख किया। देवी अहिल्या बाई के शासन का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि अहिल्याबाई ने अपने कार्यकाल में देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों सोमनाथ, उज्जैन, बनारस में विशाल मंदिरों का निर्माण कराया। उनकी धर्म के प्रति सच्ची निष्ठा को पूरे सम्मान के साथ याद किया जाता है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियों ने हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन किया। बेटियों ने देश और दुनिया में प्रदेश का नाम रौशन किया है। प्रदेश की महिलाओं और बेटियों के कल्याण के लिए हमारी सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने छात्राओं से आग्रह किया कि वह देश की महान महिला विभूतियों से प्रेरणा लें, उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारें। भारतीय संस्कृति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति को दुनिया में श्रेष्ठ संस्कृति के रूप में पहचाना जाता है।

इस मौके पर सीएम ने समग्र शिक्षा के अंतर्गत सैनिटेशन एवं हाइजीन योजना में 19 लाख छात्राओं को 57 करोड़ 18 लाख रुपये की राशि अंतरित की। इस कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालयों और महाविद्यालय की छात्राओं को स्वच्छता के महत्व और उनके उपायों के बारे में जानकारी दी जाती है। यह योजना स्कूल शिक्षा विभाग के समग्र शिक्षा अभियान के तहत संचालित हो रही है। इस वर्ष योजना में कक्षा 7 से 12 तक की छात्राओं को सेनेटरी नैपकिन के लिए यह राशि अंतरित की गई है। योजना में प्रति छात्रा को एक वर्ष के लिए 300 रुपये की राशि उनके बैंक खाते में अंतरित की गई है। इस दौरान उन्होंने गणतंत्र दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित परेड और राष्ट्रीय सेवा योजना में मध्य प्रदेश का नेतृत्व करने वाली छात्राओं, महाविद्यालय में विभिन्न संकायों में अव्वल रहने वाली छात्राओं का सम्मान किया।

–आईएएनएस

पीएसके/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More