मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से गुलाम अहमद मीर व राजेश ठाकुर की मुलाकात, विधानसभा चुनाव में सत्ता वापसी की राह कितनी आसान
रांची: रविवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने मुलाकात की। सीएम आवास में हुई इन नेताओं की इस मुलाकात में राज्य में संचालित विकासात्मक मुद्दों तथा झारखण्ड की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर विस्तृत चर्चा हुई। यह मुलाकात आगामी विधानसभा चुनाव के नजरिए इसलिए भी खास है क्योंकि बीते इसी हफ्ते दिल्ली में झारखंड प्रदेश के 20 शीर्ष कांग्रेसी नेताओं के साथ कांग्रेस आलाकमान की बैठक हुई थी और बैठक में विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की गई। इसके अलावा नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर भी कयासों का बाजार गर्म है कि चुनाव में जातिगत समीकरणों को ध्यान में रखते हुए पार्टी किसी नए चेहरे के साथ जाना चाहेगी।
सीटों की संख्या पर माथापच्ची
आगामी विधानसभा चुनाव में सत्ताधारी इंडिया गठबंधन में इस बार सबसे बड़ी माथापच्ची गठबंधन दलों के नेताओं के बीच सीटों की संख्या को लेकर होने वाली है। बीते चुनाव में कांग्रेस और जेएमएम के बीच हुए सीधे गठबंधन में जेएमएम 43 सीटों पर चुनाव लड़ी थी तो कांग्रेस के खाते में 38 सीटें आई थी जिसमें से 7 सीटें कांग्रेस ने सहयोगी राजद को दिया था। इस बार सीटों की संख्या का यह समीकरण बदल सकता है क्योंकि बीते चुनाव के बाद जेवीएम के टिकट पर पोड़ैयाहाट विधानसभा सीट से चुनाव जीत चुके प्रदीप यादव और मांडू सीट से बीजेपी के टिकट पर चुनाव जीत चुके जेपी भाई पटेल कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। तो ऐसे में कांग्रेस की मांग इस बार 33 सीटों की है। जबकि पिछले चुनाव में यह दोनों ही सीटें जेएमएम के खाते में थी।
.jpg)
इसी तरह राजद ने भी पलामू लोकसभा क्षेत्र की सभी 6 विधानसभा सीटों समेत कुल 12 सीटों पर दावा ठोंका है जबकि पिछली बार वह केवल 7 सीटों पर ही चुनाव लड़ी थी जिसमें से 6 सीटों पर वह दूसरे स्थान पर रही थी। वहीं इस बार पलामू लोकसभा चुनाव में भी पार्टी सभी 6 सीटों पर पिछड़ी नजर आई हालांकि सीटों का यह दावा प्रारंभिक चरणों में ही है। इसके अलावा भाकपा माले और एमसीओ यानी धनबाद के पूर्व सांसद स्व. ए के राय वाली मार्क्सवादी समन्वय समिति के आपसी विलय के बाद इंडिया गठबंधन के तहत ही चुनाव लड़ने का एलान भी सीटों के बंटवारे के फॉर्मूले को प्रभावित करेगा क्योंकि इनका दावा चार से पांच सीटों का हो सकता है।
लोकसभा चुनाव परिणाम का हाल
सीटों की दावेदारी के गणित को बीते लोकसभा चुनाव परिणाम के आधार पर देखा जाए तो इंडिया गठबंधन में कांग्रेस 7, जेएमएम 5 और भाकपा माले व राजद एक-एक सीटों पर चुनाव लड़े थे और उनके उम्मीदवार प्रदेश के 81 सीटों में से केवल 28 सीटों पर ही आगे रहे यानी जो पांच लोकसभा सीटें ( खूंटी,लोहरदगा, सिंहभूम,दुमका और राजमहल) कांग्रेस-जेएमएम के खाते में आई उनकी 29 विधानसभा सीटों में से भी 24 सीटों पर ही बढ़त मिली जबकि जिन 4 अन्य विधानसभा सीटों पर गठबंधन के उम्मीदवार बढ़त बनाने में सफल रहे उनमें चतरा की मनिका, रांची की खिजरी और गोड्डा लोकसभा की महगामा व मधुपुर सीट शामिल थी और यह सीटें भी फिलहाल गठबंधन के कब्जे में ही है।
लोकसभा चुनाव परिणाम के विश्लेषण में एक तथ्य यह भी है कि जेएमएम के खाते में जो तीन सीटें आई, उसमें दुमका की छह विधानसभा सीटों में से चार सीटों पर जेएमएम उम्मीदवार और पूर्व मंत्री नलिन सोरेन पिछड़ गए, इसी तरह सिंहभूम लोकसभा की सरायकेला विधानसभा सीट पर भी जेएमएम पिछड़ गई जबकि चुनाव के समय यहां के विधायक चंपाई सोरेन मुख्यमंत्री की सीट पर मौजूद थे। हालांकि राजमहल की सभी 6 सीटें जेएमएम के खाते में और खूंटी व लोहरदगा की सभी 11 सीटें कांग्रेस के खाते में आई।
नए प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में कौन
बीते हफ्ते जब दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेता आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मंथन करने प्रदेश के दोनों लोकसभा सांसदों कालीचरण मुंडा और सुखदेव भगत समेत प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर व अन्य 20 नेताओं के साथ बैठे तो इसमें एक चर्चा नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर भी हुई और प्रदेश के नेताओं का मन टटोला गया क्योंकि वर्तमान अध्यक्ष राजेश ठाकुर का कार्यकाल खत्म हो चुका है।
चर्चा यह भी है कि राजेश ठाकुर इस बार विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं ऐसे में अपनी सीट के लिए ज्यादा से ज्यादा समय देने के लिए वह अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी से मुक्त होना चाहते हैं तो वहीं पार्टी की कोशिश लोकसभा चुनाव में सामाजिक समीकरणों यानी आदिवासी, पिछड़े, दलित व ईसाई मतों को एक साथ लाने की, जो कोशिश सफल रही उसके कारण इस बार किसी नए चेहरे पर दांव लगाया जाए ताकि सफलता की संभावना ज्यादा रहे। ऐसे में नए चेहरे में सबसे आगे प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष व पिछले चुनाव में महज 917 वोटों से बाघमारा से हारे जलेश्वर महतो हैं तो इसके अलावा अन्य दावेदारों में पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, शहजादा अनवर भी शामिल हैं।
दावेदारों से मांगा आवेदन
कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं से आवेदन मांगा है। इस संबंध में सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि उम्मीदवार बनने के इच्छुक सभी नेताओं से आवेदन सहित विस्तृत जानकारी एवं बायोडाटा प्राप्त कर उसकी सूची प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में 15 दिनों के अंदर जमा करें। पार्टी की ओर से कहा गया है कि चुनाव के मद्देनजर पंचायत से प्रखंड व जिला स्तर तक संगठन को मजबूत बनाए रखें।
लोहरदगा के पूर्व उपायुक्त और रिटायर्ड आईएएस अधिकारी दिलीप टोप्पो और बिरसा उरांव कांग्रेस में शनिवार को शामिल हुए। इसके अलावा राजद की प्रदेश महासचिव व अधिवक्ता पूनम यादव ने भी कांग्रेस का दामन थामा है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिलाई।
