मध्य प्रदेश के गुना में प्रशिक्षु विमान दुर्घटनाग्रस्त, दो पायलट गंभीर रूप से घायल

गुना: मध्य प्रदेश के गुना जिले में रविवार को शा-शिब एविएशन एकेडमी का एक प्रशिक्षु विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में दो पायलट घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

जानकारी के अनुसार, गुना हवाई पट्टी से रविवार दोपहर एक प्रशिक्षु विमान (टू सीटर एयरक्राफ्ट 152) ने उड़ान भरी। उड़ान भरने के बाद एयरक्राफ्ट का संतुलन बिगड़ा और वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। आधिकारिक तौर पर दुर्घटना की वजह का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि इंजन में कोई गड़बड़ी आने के बाद ही हादसा हुआ है।

हादसे के बाद विमान का मलबा बिखरा हुआ है और वहां फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंच चुकी है। इस मामले में अधिकारियों की ओर से किसी तरह का आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। जांच के लिए जरूर अधिकारी मौके पर पहुंच रहे हैं।

गुना कैंट थाना के प्रभारी दिलीप राजोरिया ने बताया कि गुना एयरपोर्ट से साढ़े 12 बजे एक ट्रेनी विमान ने उड़ान भरी थी। दो पायलट इसे टेस्ट उड़ान के लिए ले जा रहे थे, उड़ान के बाद इन्हें लैंड करना था। लेकिन, यह एयरक्राफ्ट हवाई पट्टी पर लैंड नहीं होकर पेड़ और झाड़ियों के बीच क्रैश हो गया। दोनों पायलट को संजीवनी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया है, जहां उनकी हालत खतरे के बाहर है।

राज्य में कई स्थानों पर पायलटों को प्रशिक्षण देने वाली अकादमी काम कर रही है। इन स्थानों पर पायलटों को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। बीते कुछ समय में कई स्थानों पर प्रशिक्षु विमान हादसे का शिकार हुए हैं। गुना में ही दो हादसे हुए हैं।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More