उत्तराखंड में पार्टी के भीतर सबकुछ ठीक है : भाजपा

देहरादून, 11 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तराखंड के नेताओं के दिल्ली दौरे को लेकर सियासत तेज हो चुकी है। कांग्रेस ने प्रदेश में राजनीतिक उठापटक की आशंका जताई है। हालांकि, भाजपा ने इसे खारिज कर दिया है।

दरअसल, उत्तराखंड के भाजपा नेता इन दिनों दिल्ली में अपनी हाजिरी लगा रहे हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कई कैबिनेट मंत्रियों की मुलाकात प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के तमाम वरिष्ठ नेताओं से हुई है, जिसे लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो चुकी है।

भाजपा नेताओं के दिल्ली दौरे को कांग्रेस किसी बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के रूप में देख रही है। दूसरी तरफ भाजपा इस मुलाकात को सामान्य बता रही है। भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रदेश के विकास के लिए केंद्रीय नेताओं से मुलाकात हो रही है।

इस मामले पर भाजपा और कांग्रेस की प्रतिक्रिया सामने आई है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे तमाम कयासों को खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि ये मुलाकात सामान्य है, इसे किसी विषय से जोड़ना ठीक नहीं है।

उत्तराखंड भाजपा प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल बिष्ट के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस को इस तरह की बातों का अनुभव है। एनडी तिवारी की सरकार के दौरान भी कांग्रेस की ओर से इस तरह की बातें लगातार सामने आती थी कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन हो रहा है।

कोठारी ने आगे कहा कि प्रदेश के विकास और तमाम योजनाओं को लेकर प्रदेश के नेता प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करते हैं। यह एक सामान्य मुलाकात है, इसे किसी और विषय से जोड़ना गलत है।

इससे पहले उत्तराखंड कांग्रेस प्रवक्ता शीशपाल बिष्ट ने कहा था कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा के वरिष्ठ नेता इन दिनों लगातार दिल्ली का चक्कर लगा रहे हैं। उत्तराखंड के नेताओं के दिल्ली दौरे से प्रदेश में किसी बड़े घटनाक्रम की संभावना बढ़ रही है।

उन्होंने इशारा किया था कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होने की संभावना है। उन्होंने आगे कहा था कि पहले मुख्यमंत्री धामी और फिर प्रदेश के कई मंत्री दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करते हैं। मुलाकात के बाद उनके तस्वीर वायरल होते हैं, इसे सामान्य नहीं कहा जा सकता।

–आईएएनएस

पीएसके/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More