पांवटा साहिब में फिर भूस्खलन, नेशनल हाईवे 707 बंद

पांवटा साहिब, 10 अगस्त (आईएएनएस)। नेशनल हाईवे 707 पर एक बार फिर भूस्खलन हुआ है। इसके कारण सतौन के पास यातायात बंद हो गया है। कई पेड़ और मिट्टी का ढेर सड़क पर आ गया है।

भूस्खलन से सड़क को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल, कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है, यातायात पूरी तरह से बंद है। यहां काम कर रही कंपनी को मामले की जानकारी दी गई है।

एनएच 707 पर कई जगह लैंडस्लाइड जोन बने हुए हैं। लोगों से भी एहतियात बरतने और बारिश के मौसम में सफर करने से बचने की अपील की गई है। बता दें कि यहां पहले भी भूस्खलन हुआ था और कंपनियों पर अवैज्ञानिक ढंग से काम करने के आरोप लगे थे। डंपिंग जोन को लेकर भी सवाल उठे हैं।

उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश में भी बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन और बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। प्रदेश की सौ से ज्यादा सड़कें बंद कर दी गईं। मौसम विभाग की ओर से शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में 15 अगस्त तक भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार तक मंडी, सोलन, सिरमौर, बिलासपुर, कुल्लू और शिमला के अलग-अलग हिस्सों में बाढ़ को लेकर चेतावनी दी गई है। कांगड़ा, मंडी, ऊना, हमीरपुर, सिरमौर में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

–आईएएनएस

पीएसके/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More