कोडरमा: केबीसी के हॉट सीट पर नजर आएगी कैलाश राय स्कूल की वैष्णवी भारती
कोडरमा: कौन बनेगा करोड़पति के इस सीजन में कैलाश राय सरस्वती विद्या मंदिर झुमरीतिलैया की बहन वैष्णवी भारती हॉट सीट पर बैठने जा रही है। वैष्णवी भारती 2018 में उक्त विद्यालय से मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की है। अभी वह महाविद्यालयीन शिक्षा में लगी है लेकिन इसी क्रम में उन्होंने बड़ी उपलब्धि हासिल कर न केवल विद्यालय का अपितु झुमरीतिलैया का नाम रोशन किया है। उन्होंने हॉट सीट तक पहुंचने की पूरी कहानी बताते हुए कहा कि वहां पहुंचना असंभव तो नहीं है लेकिन प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ता है। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के सामने बैठकर प्रश्नों का उत्तर देना इस कार्यक्रम के आकर्षण को और बढ़ा देता है। उनकी इस सफलता पर पूरा विद्यालय परिवार गदगद है और उनके उत्साहवर्धन के लिए विद्यालय के द्वारा उनका सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष नारायण सिंह और कोषाध्यक्ष नवल कुमार की उपस्थिति रही। वैष्णवी ने अपने वक्तव्य में कहा कि यहां बैठे भैया बहन किसी से कम नहीं है और उद्देश्य निर्धारित कर यदि आगे बढ़ते हैं तो वे अवश्य सफल होंगे। मौके पर प्राचार्य शर्मेंद्र कुमार साहू ने वैष्णवी को प्रतिभाशाली विद्यार्थी बताया और कहा कि अपने छात्र जीवन में भी वैष्णवी बहुत मेहनती लड़की रही है और जब यह कोई लक्ष्य निर्धारित कर लेती है उसे पाने के लिए हर संभव प्रयास करती है। अध्यक्ष नारायण सिंह ने उत्साह वर्धन करते हुए कहा कि ऐसे छात्रों पर हमें गर्व है। बहन को अंग वस्त्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी आचार्य जी एवं दीदी जी उपस्थित थे।
