दोनों सदनों में एक भी दिन बर्बाद नहीं हुआ : किरेन रिजिजू

नई दिल्ली, 9 अगस्त (आईएएनएस)। संसद के मानसूत्र में दोनों सदनों की कार्यवाही शुक्रवार को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि लंबे समय बाद ऐसा हुआ है कि लोकसभा और राज्यसभा दोनों में किसी सत्र में एक भी दिन बर्बाद नहीं हुआ।

रिजिजू ने कहा, “सांसदों ने दोनों सदनों में बहुत अच्छी तरह से भाग लिया। संसद में किसी मुद्दे पर बहस होती है और होनी चाहिए, क्योंकि यह लोकतंत्र की खूबसूरती है। भारत का लोकतंत्र विशेष है और इसकी चर्चा पूरी दुनिया में होती है। इस बार शोर-शराबे के बावजूद संसद के कामकाज में रुकावट नहीं आई। मैं चाहता हूं कि इसी भावना के साथ हम शीतकालीन सत्र में भी बैठेंगे।”

वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2024 पर उन्होंने कहा, “मैं मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों से मिला हूं। आज सैयद नसरुद्दीन चिश्ती के नेतृत्व में अखिल भारतीय सूफी सज्जादानशीन परिषद की पूरी टीम मुझसे मिली। सब से बात करने के बाद मैं आपको बता सकता हूं कि वक्फ संशोधन विधेयक के प्रावधान का उन्होंने स्वागत किया। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि भारत में सभी दरगाहों की कुछ मांगें हैं, इसलिए सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए। मुस्लिम समुदाय के सभी वर्गों के प्रतिनिधित्व के लिए प्रावधान किया गया है। मैंने उनसे (प्रतिनिधिमंडल से) अनुरोध किया है कि वे विधेयक पर विचार के लिए गठित संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के समक्ष भी अपनी बात रखें। विधेयक का स्वागत करना हमारे लिए खुशी की बात है।”

उल्लेखनीय है कि वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2024 को लोकसभा में पेश करने के बाद विपक्ष के विरोध को देखते हुए सरकार ने समीक्षा के लिए उसे जेपीसी के पास भेजने का फैसला किया है। जेपीसी में लोकसभा से 21 और राज्यसभा से 10 सदस्य होंगे।

–आईएएनएस

डीकेएम/एकेजे

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More