Koderma News: ग्रिजली विद्यालय में किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य पर जागरूकता सत्र

मानसिक स्वास्थ्य सत्र में विद्यार्थियों ने किया संवाद।

तनाव, सोशल मीडिया और बुलिंग से निपटने के दिए सुझाव, विद्यार्थियों ने सवाल पूछकर किया संवाद

कोडरमा: तिलैया डैम स्थित ग्रिजली विद्यालय के स्टूडेंट्स सर्विस सेल की ओर से विद्यालय सभागार में ‘किशोरों का मानसिक स्वास्थ्य’ विषय पर विशेष करियर काउंसलिंग एवं जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की रिसोर्स पर्सन बाल मनोवैज्ञानिक, करियर काउंसलर, शिक्षाविद् एवं समाजसेवी शिल्पी सिंह रहीं।

सत्र के दौरान शिल्पी सिंह ने विद्यार्थियों को किशोरावस्था में आने वाली भावनात्मक और मानसिक चुनौतियों की जानकारी दी। उन्होंने तनाव, निराशा, असफलता और कठिन परिस्थितियों से प्रभावी तरीके से निपटने के उपाय बताए। विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, मानसिक दृढ़ता और सकारात्मक आत्म-छवि विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।

उन्होंने स्वस्थ मित्रता और सकारात्मक सहपाठी संबंधों के महत्व पर जोर देते हुए ऑनलाइन और ऑफलाइन संबंधों में स्वस्थ सीमाएं बनाए रखने की बात कही। सोशल मीडिया के विवेकपूर्ण उपयोग, पर्याप्त नींद, नियमित दिनचर्या और संतुलित जीवनशैली को मानसिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।

तनाव प्रबंधन के लिए गहरी सांस लेने, माइंडफुलनेस, डायरी लेखन और रचनात्मक गतिविधियों जैसी सरल तकनीकों की जानकारी भी दी गई। इसके साथ ही विद्यार्थियों को बुलिंग, साइबरबुलिंग और सामाजिक दबाव के प्रति जागरूक किया गया।

विद्यार्थियों को बताया गया कि मदद मांगना कमजोरी नहीं, बल्कि साहस और समझदारी की निशानी है। कठिन परिस्थितियों में माता-पिता, शिक्षक, काउंसलर अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति से बात करने और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ की सहायता लेने के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया गया।

विद्यालय के सीईओ प्रकाश गुप्ता और प्राचार्या अंजना कुमारी ने कहा कि किशोरावस्था में विद्यार्थियों के मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य पर ध्यान देना बेहद जरूरी है। विद्यालय में ऐसा सकारात्मक वातावरण होना चाहिए, जहां विद्यार्थी अपनी समस्याओं और भावनाओं को सहजता से साझा कर सकें।

कार्यक्रम को संवादात्मक बनाते हुए विद्यार्थियों को सवाल पूछने का अवसर दिया गया। समर्थ पांडे, तन्वी, अन्वेषा, अजीत, रितेश और दिव्यांजलि सोरेन ने विभिन्न सवाल पूछकर सक्रिय सहभागिता की।

कार्यक्रम का आयोजन स्टूडेंट्स सर्विस सेल के समन्वयक सुधांशु कुमार के मार्गदर्शन में हुआ। संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन स्टूडेंट्स सर्विस सेल की ओर से सुमित कुमार सिंह ने किया।

कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा। सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और कठिन परिस्थितियों से निपटने की समझ विकसित करने का संदेश दिया गया।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More