Bokaro News: एसपी नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर मुख्यालय डीएसपी ने साइबर थाना का किया निरीक्षण

बोकारो। बोकारो पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा के निर्देशानुसार मुख्यालय पुलिस उपाधीक्षक पवन कुमार ने साइबर थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान प्राप्त जन शिकायत, लंबित अनुसंधान, साइबर फ्रॉड मामले में गोल्डन पीरियड के दौरान 1930 पर रिपोर्टिंग, खाता फ्रीज मामले की शीघ्र सुनवाई और पीड़ितों को समय पर पैसा वापस दिलाने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
सक्रिय साइबर क्रिमिनल्स के खिलाफ छापेमारी व गिरफ्तारी, समन्वय पोर्टल की सूचना पर ठोस कार्रवाई तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए सभी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, जैसे समन्वय, नेटग्रिड, MRM-GRM पोर्टल और तकनीकी शाखा का अधिकतम इस्तेमाल करने का निर्देश दिया गया। साथ ही डॉयल 1930 का अधिकतम प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया गया।
मुख्यालय पुलिस उपाधीक्षक ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि हाल के दिनों में बोकारो पुलिस द्वारा साइबर के कई मामलों में त्वरित कार्रवाई की गई है। सभी साइबर मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा साइबर थाना में दो पुलिस निरीक्षक स्तर के पदाधिकारियों, पुलिस निरीक्षक मो. आजाद खान और पुलिस निरीक्षक पिंकु कुमार यादव की पदस्थापना की गई है, ताकि पीड़ितों को तुरंत न्याय मिले और उनके खातों से फ्रॉड के रूप में स्थानांतरित किए गए पैसे जल्द वापस हो सकें।
