AI के कैमरे में फिर जवान हुआ 80 का दशक, सोशल मीडिया पर छाया रेट्रो जादू

AI से तैयार 80 के दशक के रेट्रो अंदाज वाली डिजिटल तस्वीर
AI तस्वीरों में लौट आया 80 के दशक का अंदाज

आलेख : संजय कुमार धीरज

दुनिया जब 2050 की जरूरतों को ध्यान में रखकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और डिजिटल क्रांति की नई पटकथा लिख रही है, उसी दौर में सोशल मीडिया पर एक बिल्कुल उल्टी कहानी चल रही है। टाइमलाइन पर भविष्य नहीं, चार दशक पुराना 1980 का दशक अचानक फिर से जवान हो उठा है।

बड़े कॉलर की शर्ट, बेलबॉटम पैंट, कंधे पर टंगा डेनिम जैकेट, घने लंबे बाल, मूंछों का रौब, आंखों पर विंटेज चश्मा और पीछे ग्रामोफोन या पुरानी एंबेसडर कार। ये फैशन अब बाजारों में नहीं, बल्कि AI की बनाई डिजिटल तस्वीरों में दिखाई दे रहा है। और यहीं से यह ट्रेंड सिर्फ एक फिल्टर नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक कहानी बन जाता है।

किसी भी चेहरे को 80 के दशक के अंदाज में देखना दो पीढ़ियों को एक साथ एक फ्रेम में ले आता है। पुरानी पीढ़ी के लिए यह नॉस्टेल्जिया है, अपनी जवानी की खिड़की। उन्हें अपना कॉलेज, पहला बजाज स्कूटर, रेडियो पर बजते किशोर कुमार और लता के गाने, दूरदर्शन पर चित्रहार और सड़कों पर साइकिलों का दौर याद आ जाता है। वह दौर, जब जिंदगी धीमी थी, पर रिश्ते गहरे थे।

वहीं, नई पीढ़ी यानी जेन-Z के लिए यही तस्वीर एकदम नई है। उनके लिए यह एस्थेटिक है—अनोखी, मजेदार, इंस्टाग्राम और थ्रेड्स पर शेयर करने लायक। उनके लिए यह एक ऐसा अतीत है, जिसे उन्होंने जिया नहीं, लेकिन देखना चाहते हैं।

AI ने तस्वीरों की दुनिया में कल्पना की सीमाएं लगभग मिटा दी हैं। किसी भी चेहरे को किसी खास दशक के परिधान, हेयर स्टाइल और माहौल में ढालना अब एक क्लिक का काम है। एक क्लिक पर आप 2026 के व्यक्ति को 1986 का हीरो बना सकते हैं।

सवाल तकनीक का नहीं, उसके इस्तेमाल का है। जिस AI को दुनिया भविष्य की अर्थव्यवस्था, शिक्षा और स्वास्थ्य की तस्वीर बदलने वाली तकनीक मान रही है, उसी से हम बीते दौर की तस्वीरें क्यों बना रहे हैं?

क्योंकि तकनीक भले नई हो, लेकिन इंसानी भावनाएं आज भी पुरानी यादों से जुड़ी हैं। हमारा दिमाग भविष्य के बारे में सोचता है, पर दिल हमेशा अतीत में सुकून ढूंढता है। रेट्रो तस्वीरें इसी भावनात्मक जुड़ाव को डिजिटल दुनिया में नया जीवन दे रही हैं। यह तकनीक का मानवीकरण है।

पहले किसी को स्टाइलिश दिखना था, तो फोटो स्टूडियो जाकर अलग-अलग बैकग्राउंड और कपड़े ट्राई करने पड़ते थे। अब वही काम AI सेकंडों में कर देता है। इसीलिए ये रेट्रो तस्वीरें सिर्फ टाइमपास नहीं हैं। ये एक नया विजुअल संवाद हैं। लोग अपने पिता की जवानी वाली फोटो को AI से दोबारा बना रहे हैं, अपने दोस्तों को 80s के सुपरस्टार बना रहे हैं और अपनी खुद की प्रोफाइल को एक रेट्रो फिल्म पोस्टर में बदल रहे हैं।

80 का दशक भले चार दशक पीछे छूट चुका है, लेकिन उसकी शैली, संगीत और यादों की चमक आज भी खत्म नहीं हुई। फर्क सिर्फ इतना है कि तब वह अंदाज जिंदगी का हिस्सा था और आज वही अंदाज AI की कल्पना से दोबारा गढ़ा जा रहा है।

शायद इसीलिए ये ट्रेंड इतना पसंद किया जा रहा है, क्योंकि भविष्य की सबसे एडवांस तकनीक हमें हमारे सबसे सुकून भरे अतीत से फिर से मिला रही है। भविष्य जीतने की दौड़ में अतीत को भुलाया नहीं जाता, बल्कि नई पीढ़ी की भाषा में फिर से पेश किया जाता है। और AI ने इस पेशकश को सबसे आसान बना दिया है।

(लेखक समृद्ध झारखंड के ब्यूरो और युवा पत्रकार संगठन के सदस्य हैं।)

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More