Koderma News: प्रकृति पर्व करमा की धूम, भाई की सलामती के लिए बहनों ने मांगी नेमतें

जामु खाड़ी मैदान में करमा महोत्सव का आयोजन, पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं ने की करम डाल की पूजा
कोडरमा : प्रकृति पर्व करमा को लेकर कोडरमा में उत्साह का माहौल है। चंदवारा प्रखंड के जामु खाड़ी मैदान में घटवार आदिवासी महासभा की ओर से करमा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव में महिलाएं पारंपरिक विधि-विधान से करम डाल की पूजा कर प्रकृति की रक्षा और अपने भाइयों की लंबी उम्र की कामना कर रही हैं।
करम डाल में रक्षा सूत्र बांधकर महिलाएं भाई की सलामती और सुख-समृद्धि का वरदान मांग रही हैं। आदिवासी समाज में करमा पर्व का विशेष महत्व है। महोत्सव के दौरान महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में पूजा-अर्चना कर प्रकृति के हरे-भरे रहने और खेती-बारी अच्छी होने की कामना कर रही हैं।
करमा महोत्सव के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। स्कूली छात्राओं ने आकर्षक आदिवासी नृत्य की प्रस्तुति दी, जबकि महिलाओं ने झूमर नृत्य कर उत्सव की खुशियां मनाईं। मांदर की थाप पर लोग नाचते-गाते नजर आए।
केंद्रीय आयोजक राजेश सिंह घटवार ने कहा कि आदिवासी समाज जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा से जुड़ा रहा है। करमा महोत्सव के माध्यम से समाज के लोग अपनी संस्कृति और प्रकृति के प्रति भावनाओं को अभिव्यक्त करते हैं।
महिलाओं ने करम डाल की पूजा कर प्रकृति के हरा-भरा रहने, अच्छी खेती और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। साथ ही रक्षा सूत्र बांधकर भाइयों की लंबी आयु के लिए प्रार्थना की।
मौके पर घटवार आदिवासी महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्णा सिंह घटवार समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
