सीआईटी में 21 दिवसीय ओरिएंटेशन कम इंडक्शन प्रोग्राम शुरू

कुलपति डॉ. डीके सिंह बोले- सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं, विद्यार्थियों में विकसित करें क्रिटिकल थिंकिंग
रांची: कैंब्रिज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (सीआईटी) में मंगलवार को नवनामांकित विद्यार्थियों के लिए 21 दिवसीय ओरिएंटेशन कम इंडक्शन प्रोग्राम की शुरुआत समारोहपूर्वक हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जेयूटी के कुलपति डॉ. डीके सिंह शामिल हुए। इस दौरान विद्यार्थियों के अभिभावक भी मौजूद रहे।
कुलपति डॉ. डीके सिंह ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने के साथ जिज्ञासु बने रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसे टूल्स पर पूरी तरह निर्भर होने के बजाय विद्यार्थियों को अपने भीतर क्रिटिकल थिंकिंग का गुण विकसित करना चाहिए।
उन्होंने विश्वविद्यालय की ओर से विद्यार्थियों के लिए नियमित पाठ्यक्रम के अलावा माइनॉर डिग्री जैसे अतिरिक्त कोर्स संचालित किए जाने की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि चीफ फैक्ट्री इंस्पेक्टर झारखंड मनीष कुमार सिन्हा, असिस्टेंट कमिश्नर स्टेट टैक्स शशांक जमुआर और जिंदल स्टील पतरातू के महाप्रबंधक संतोष कुमार ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया।
इससे पहले प्राचार्य डॉ. एल. रंगनाथन ने विषय प्रवेश कराते हुए विद्यार्थियों को संस्थान की गतिविधियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। वहीं, उप प्राचार्य प्रो. रसिका नवनीत सिंह ने कैंब्रिज ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष एवं शिक्षाविद स्व. डॉ. बहादुर सिंह की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने स्वागत गान, डांस और मिमिक्री समेत कई रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। धन्यवाद ज्ञापन सिविल विभागाध्यक्ष डॉ. डीके सिंह ने किया।
मौके पर कैंब्रिज ट्रस्ट की संयुक्त सचिव डॉ. पल्लवी सिंह, उप प्राचार्य प्रो. रसिका नवनीत सिंह, डॉ. रणवीर कुमार, डीन प्रो. अरशद उस्मानी, डिप्टी रजिस्ट्रार मनीष नाथ, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. शालिनी सिंह, प्रो. अंकित सिंह, डॉ. पीएस शर्मा समेत अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
