पटना में राज्य स्तरीय एनएसएस सम्मेलन संपन्न, सामुदायिक विकास और पर्यावरण संरक्षण पर मंथन

पटना में एनएसएस सम्मेलन में शामिल पदाधिकारी।

सिद्धो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय की सक्रिय भागीदारी, एनएसएस को प्रभावी बनाने के लिए कई प्रस्ताव रखे गए

साहिबगंज:राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) क्षेत्रीय निदेशालय, पटना (बिहार एवं झारखंड) के तत्वावधान में ए.एन. कॉलेज, पटना में 21 और 22 सितंबर को दो दिवसीय राज्य स्तरीय एनएसएस सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में सिद्धो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका ने एनएसएस समन्वयक डॉ. पूनम बिंझा के नेतृत्व में सक्रिय सहभागिता दर्ज की।

विश्वविद्यालय के विभिन्न अंगीभूत एवं संबद्ध महाविद्यालयों के 12 कार्यक्रम पदाधिकारी और जिला नोडल पदाधिकारी सम्मेलन में शामिल हुए। क्षेत्रीय निदेशक विनय कुमार के नेतृत्व में सम्मेलन का समापन हुआ। इस दौरान पूर्व निदेशक दीपक कुमार भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

साहिबगंज महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि एनएसएस की गतिविधियों को पारंपरिक आयोजनों से आगे ले जाकर समाज की वास्तविक जरूरतों से जोड़ना, युवाओं की भागीदारी बढ़ाना और सामुदायिक सेवा को परिणामोन्मुखी एवं टिकाऊ बनाना सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य रहा।

तकनीकी सत्र में स्थानीय समुदाय की समस्याओं का अध्ययन, विद्यार्थियों और नागरिकों की संयुक्त सहभागिता, शिक्षा, कौशल विकास एवं परामर्श के माध्यम से सशक्तिकरण तथा दीर्घकालिक समाधान के मॉडल पर चर्चा हुई।

डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने एनएसएस को अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई प्रस्ताव भी रखे। उन्होंने प्रत्येक एनएसएस इकाई द्वारा गांवों को दीर्घकालिक विकास के लिए गोद लेने और नियमित मूल्यांकन करने, हर रविवार को ‘संडे फॉर सोसायटी’ के रूप में मनाने तथा ‘एक स्वयंसेवक-एक सामाजिक जिम्मेदारी’ की पहल शुरू करने का सुझाव दिया।

उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में साक्षरता अभियान, करियर काउंसलिंग और उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ ‘पर्यावरण पाठशाला’, ‘जल प्रहरी’ और ‘ग्रीन वॉलेंटियर’ जैसी पहल शुरू करने का प्रस्ताव रखा। इसके अलावा ‘पेड़ लगाएं, जल बचाएं, प्लास्टिक हटाएं, स्वच्छता अपनाएं’ को अभियान का आधार बनाने और पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी स्वयंसेवकों को देने पर भी जोर दिया।

सम्मेलन में डिजिटल एवं साइबर साक्षरता शिविर, ‘युवा संवाद’, प्रत्येक इकाई में एनएसएस इंपैक्ट रजिस्टर बनाने, प्रभाव मापन के लिए मानक तय करने और बेहतर कार्यों के लिए जर्नल प्रकाशित करने जैसे प्रस्ताव भी सामने आए।

सम्मेलन में रमा देवी बाजला महिला महाविद्यालय, एमजी कॉलेज रानीश्वर, साहिबगंज कॉलेज, गोड्डा कॉलेज, जे.जे.एस. डिग्री कॉलेज मिहिजाम, डिग्री कॉलेज नाला-फतेहपुर एवं मॉडल कॉलेज सुग्गाबथान के पदाधिकारियों ने भाग लिया। सम्मेलन का समापन सामाजिक और पर्यावरणीय उत्तरदायित्वों के प्रति प्रतिबद्धता के साथ हुआ।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More