AK-47 लेकर आए नकाबपोश, गाड़ी रोककर मंत्री को ले गए! पाकिस्तान में मचा हड़कंप

पेशावर: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में प्रांतीय मंत्री फजल शकूर खान के कथित अपहरण की घटना से हड़कंप मच गया है। खैबर पख्तूनख्वा सरकार और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) से जुड़े नेताओं का दावा है कि सोमवार को हथियारबंद नकाबपोश लोगों ने मोटरवे पर मंत्री की गाड़ी को रोककर उन्हें अपने साथ ले गए।
बताया जा रहा है कि घटना पेशावर के पास मोटरवे टोल प्लाजा के आसपास हुई। सामने आए कथित वीडियो में नकाबपोश लोग सड़क पर गाड़ी को रोकते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि हमलावरों ने मंत्री की गाड़ी के टायरों पर फायरिंग की, जिसके बाद वाहन रुक गया और फजल शकूर खान को गाड़ी से बाहर निकालकर अपने साथ ले जाया गया।
मंत्री को कौन ले गया, स्थिति स्पष्ट नहीं
फजल शकूर खान के अपहरण के पीछे किसका हाथ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। खैबर पख्तूनख्वा विधानसभा में भी इस घटना को लेकर चर्चा हुई। विधानसभा अध्यक्ष बाबर सलीम स्वाती ने कहा कि प्रांत में नकाबपोश लोगों द्वारा गोलीबारी और लोगों को उठाए जाने की घटनाएं गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने भी मंत्री के कथित अपहरण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि फजल शकूर खान की गाड़ी पर फायरिंग की गई और उन्हें उठा लिया गया। सरकार ने मामले में जांच और एफआईआर की बात कही है।
एक अन्य मंत्री पर भी हमले का आरोप
इसी दौरान PTI नेता और प्रांतीय मंत्री शकील खान को भी निशाना बनाए जाने की खबर सामने आई। विधानसभा में बताया गया कि मलाकंद में शकील खान का पीछा किया गया और उन पर कथित तौर पर हमला हुआ। घटना के बाद PTI समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दी।
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब PTI ने 27 सितंबर को इस्लामाबाद में मार्च का ऐलान किया है। पार्टी नेताओं का आरोप है कि उनके नेताओं और कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, फजल शकूर खान के कथित अपहरण के लिए जिम्मेदार लोगों और घटना के पीछे की वजह को लेकर फिलहाल आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं है।
