मेदिनीनगर: 10 लाख का इनामी नक्सली सीताराम रजवार उर्फ रमन जी हुसैनाबाद से गिरफ्तार
मेदिनीनगर: 10 लाख का इनामी माओवादी नक्सली एवं बिहार-झारखंड में करीब 6 दर्जन बड़े कांडों का आरोपी सीताराम रजवार उर्फ रमन जी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. मिली जानकारी के अनुसार सीताराम रजवार को हुसैनाबाद थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है. नक्सली सीताराम रजवार 74 बड़े मामलों में वांछित आरोपी है. वह बिहार-झारखंड में 25 से अधिक जवानों की शहादत की घटनाओं में शामिल रहा है. पुलिस की विशेष टीम अभी भी उससे पूछताछ कर रही है.
सीताराम रजवार को झारखंड और बिहार का सातवां बड़ा नक्सली कमांडर माना जाता है. वह दोनों राज्यों के सीमावर्ती इलाके का तीसरा बड़ा नक्सली कमांडर था. सीताराम रजवार नवीनगर के एनटीपीसी खैरा थाना क्षेत्र के सलैया गांव का रहने वाला है. बताया जाता है कि वह पिछले दो दशक से भाकपा माओवादी संगठन में सक्रिय था. सीताराम रजवार के पास खुद एके-56 भी थी. उसकी टीम में एक दर्जन से अधिक खतरनाक प्लाटून के जवान शामिल थे. सीताराम रजवार की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है.
