प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से की मुलाकात

रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से आज उनके आवास पर औपचारिक मुलाकात की. मुलाकात के क्रम में गुलाम अहमद मीर ने कांग्रेस अध्यक्ष को झारखंड के ताजा राजनीतिक हालात की जानकारी दी तथा आगे आने वाले विधानसभा चुनाव के संबंध में विमर्श कर दिशा निर्देश प्राप्त किया. उन्होंने झारखंड विधानसभा के सीटों की तैयारी, गठबंधन की स्थिति, सांगठनिक पहलुओं के बारे में भी पूरी जानकारी कांग्रेस अध्यक्ष को दी. विधानसभा चुनाव के संदर्भ में झारखंड के वरीय कांग्रेसी नेताओं, समाज के विभिन्न प्रबुद्ध जनों प्रखंड एवं पंचायत स्तर के कार्यकर्ताओं की भावनाओं से भी उन्हें अवगत कराया.

इस अवसर पर राजेश ठाकुर ने कांग्रेस अध्यक्ष को संगठन द्वारा विगत पखवाड़े चलाए गए कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि संगठन के आगामी कार्यक्रम तथा महागठबंधन सरकार द्वारा जनहित के  किए गए कार्यों को अभियान के तहत पंचायत स्तर तक पहुंचाया जाएगा. उन्होंने बताया कि कांग्रेस द्वारा घोषणा पत्र में किए गए वादों के अनुरूप किसानों के दो लाख रुपये कर्ज माफी को कैबिनेट द्वारा पारित कर दिया गया है, जिसका लाभ अविलंब झारखंड के किसानों को मिलेगा. कांग्रेस के न्याय वादों के अनुसार आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता के लिए आवश्यक योजनाएं एवं आर्थिक तथा सामाजिक विकास के मूल पैरामीटर को ध्यान में रखकर घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा.

लेखक के बारे में

By Subodh Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More