चाईबासा: विस चुनाव को लेकर भाजपा की मंडल स्तरीय समन्वय समिति की बैठक
चाईबासा: राज्य में विधानसभा चुनाव नजदीक है. चुनाव को देखते हुए फिर एक बार कोल्हान के टाइगर के नाम से जाने जाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा व पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने कमर कस ली है. एक बार फिर जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र में बड़ा आंदोलन सरकार के विरुद्ध छेड़ने जा रही है. इसको लेकर भाजपा सारंडा मंडल स्तरीय समन्वय समिति की बैठक पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोडा़ एवं पूर्व सांसद गीता कोडा़ ने मंडल तथा जिला के पदाधिकारियों की मौजूदगी में सम्पन्न हुई. पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोडा़ ने कहा कि आदमी को जीना है तो रोटी, पानी अर्थात खाना चाहिये. झारखण्ड व सारंडा में बेरोजगारी गंभीर समस्या है.
उन्होंने कहा, झामुमो ने बीते विधानसभा चुनाव में गांव गांव जाकर बेरोजगारों को रोजगार देने अन्यथा हर माह 5-7 हजार रूपये बेरोजगारी भत्ता देने की बात कही थी. अब वही युवा इस सरकार को सबक सिखायेंगे. बेरोजगारी की वजह से यहाँ के युवा परिवार को छोड़ इस सरकार के कार्यकाल में सबसे ज्यादा पलायन किये हैं. हम मुख्यमंत्री रहते एक खदान को भी बंद रहने नहीं दिया. हमारा उद्देश्य यह था कि खदान बंद होने से कोई बेरोजगार न हो. यह सरकार यहाँ की कुछ चल रही खदानों को भी बंद कर दिया जबकि सारे बंद खदानों को खोल बेरोजगारों को रोजगार देने का काम करना चाहिए था.
उन्होंने कहा, युवा नौकरी हेतु परीक्षा देते हैं लेकिन परीक्षा रद्द कर दिया जाता है. न्यायालय ने खदान खोलने का आदेश दिया है, फिर भी खदान यह सरकार नहीं खोल रही है. झामुमो अगर भूमि पुत्रों की पार्टी है तो यहाँ के भूमिपुत्रों को नौकरी क्यों नहीं देती. अबुआ आवास, मईयां सम्मान योजना आदि सभी गरीबों को छलने वाली है, क्योंकि आवेदन लेकर भी लोगों को अबुआ आवास योजना का लाभ नहीं मिला. चुल्हा योजना के नाम पर दो हजार रूपये महिलाओं को देने की बात हुई थी लेकिन कुछ नहीं किया.
मधु कोड़ा ने कहा, केन्द्र सरकार की तमाम योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा है. हमें जन जन तक जाकर लोगों को केन्द्र सरकार की जनधन, आयुष्मान, जीवन बीमा, शौचालय, रसोई गैस, किसान सम्मान, हर घर नल आदि तमाम योजनाओं की जानकारी देना है. झामुमो सरकार सिर्फ योजनाओं की घोषणा कर वनाधिकार पट्टा आदि का आवेदन लेती है लेकिन लाभ कभी नहीं देती है. बेरोजगारों को रोजगार हेतु सरकार की खोखली घोषणा के खिलाफ घंटी बजाओ, सरकार जगाओं, बंद खदान को खोलने, वनाधिकार पट्टा दिलाने का बडा़ आंदोलन छेडा़ जायेगा. 17 अगस्त को जगन्नाथपुर में आंदोलन होगा. इसमें सभी का सहयोग चाहिये. वृद्धों व जरूरतमंदों को यह सरकार पेंशन एवं सरकारी राशन नियमित नहीं दे रही है और नया पेंशन योजना चालू कर रही है. पूर्व सांसद गीता कोडा़ ने कहा कि लोक सभा चुनाव में हमारे कार्यकर्ताओं ने काफी मेहनत व संघर्ष किया लेकिन हमें सफलता नहीं मिली लेकिन मेहनत कभी बेकार नहीं जाता, इस संघर्ष को और धारदार बनाना होगा. कार्यकर्ताओं के त्याग व समर्पण से संगठन चलता है. सारे कार्यकर्ता प्रधानमंत्री मोदी जी की सेना है.
पूर्व जिलाध्यक्ष बिपीन पूर्ति ने कहा कि झामुमो की सरकार में गरीबों को सही समय पर न राशन मिल पा रहा है और न हीं कोई विकास कार्य हो रहा है. जन्म, मृत्यु, जाती प्रमाण पत्र तक नहीं बन पा रहा है. सभी कार्यालयों में भ्रष्टाचार का बोलबाला है. बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोडा़, पूर्व सांसद गीता कोडा़, मंगल सिंह गिलुवा, शंभू हाजरा, बिपिन पूर्ति, जिला सदस्य अजीत सिंह, संजीव राय, सारंडा मंडल अध्यक्ष कैलाश दास, मधुसुदन तुबीड, एससी मोर्चा के मंडल अध्यक्ष बीरु करुवा, राजा तिर्की, सुनीता सिंह, अरविन्द सिंह, अरविन्द लाल, श्याम गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, प्रफुल्ल मंडल, आशना बिरुवा, जान्हवी प्रधान, गीता पान, रितेश प्रसाद, शिव कुमार गुप्ता, धर्मेन्द्र झा, गोपी लागुरी, मतवा दास आदि सैकड़ों लोग मौजूद थे.
