डरा धमकाकर और बूथ कैप्चरिंग कर चुनाव जीतती आई है सपा : भाजपा

मैनपुरी (यूपी), 8 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा के जिला प्रभारी अनिल चौधरी गुरुवार को मैनपुरी भाजपा कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने करहल विधानसभा में होने वाले उपचुनाव को लेकर रणनीति भी बनाई।

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि सपा लोगों को डरा धमकाकर और बूथ कैप्चरिंग कर चुनाव जीतती रही है। लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा, इस बार प्रत्याशी भी स्थानीय होगा और करहल में कमल खिलेगा।

उन्होंने कहा कि करहल चुनाव की कमान हमारे सभी कार्यकर्ताओं को सौंपी गई है। बूथ अध्यक्ष से लेकर प्रदेश कार्यकर्ता तक भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ता करहल चुनाव जीतने की योजना में तन-मन-धन से जुटेंगे। अगर भाजपा का विधायक चुना जाता है तो लंबे समय से रुका हुआ करहल फिर से विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा।

उन्होंने सभी विभागों के स्थानीय अधिकारियों से अनुरोध किया कि वे बिना वजह जनता को परेशान करना तुरंत बंद करें। उन्होंने स्थानीय पुलिस थाने के बारे में कहा कि वे जनता की अपील और समस्याओं को तुरंत सुनें और उनका समाधान करें।

प्रत्याशी की घोषणा के बारे में उन्होंने कहा कि यहां स्थानीय कार्यकर्ता ही प्रत्याशी होगा। हम संगठन के लिए लड़ते हैं। प्रत्याशी सिर्फ नीति है। हमारा उद्देश्य कमल खिलाना है। हालांकि हमारे वरिष्ठ नेता जल्द ही प्रत्याशी के नाम की घोषणा करेंगे।

बता दें कि अखिलेश यादव ने 2022 में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा था। वह मैनपुरी की करहल सीट से विधायक चुने गए थे, लेकिन अब कन्नौज से सांसद बनने के बाद उन्होंने विधानसभा सीट छोड़ दी है। अखिलेश के इस्तीफे के बाद करहल विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।

–आईएएनएस

आरके/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More