अयोग्यता के खिलाफ विनेश फोगाट की अपील पर सीएएस जल्द कर सकता है सुनवाई

पेरिस: कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट्स (सीएएस) ओलंपिक में फाइनल मुकाबले से पहले अयोग्य ठहराए जाने के खिलाफ पहलवान विनेश फोगाट की अपील को स्वीकार कर सकता है। सूत्रों ने बताया कि इस पर फैसला गुरुवार शाम तक आ सकता है।
विनेश फोगाट पेरिस ओलंपिक में महिला 50 किलोग्राम भारवर्ग फ्रीस्टाइल इवेंट में फाइनल तक पहुंची थीं। लेकिन फाइनल से कुछ घंटे पहले जब उनका वजन मापा गया, तब यह 50 किलोग्राम से 100 ग्राम अधिक निकला जिसके बाद उन्हे फाइनल मैच खेलने के लिए अयोग्य घोषित करार दिया गया। रात भर वजन कम करने के प्रयास में विनेश के शरीर में पानी की इतनी कमी हो गई थी जिस वजह से उन्हे खेल गांव के पॉलीक्लिनिक में आईवी ड्रिप के लिए भर्ती करना पड़ा।
विनेश को अयोग्यता के कारण सिल्वर मेडल भी नहीं मिलेगा। विनेश ने अपनी सिल्वर मेडल की दावेदारी के लिए सीएएस में अपील दायर की थी। विनेश ने 50 किलो वर्ग में संयुक्त रजत पदक की मांग की है।
