रांची विवि के अतिथि शिक्षकों को 15 महीनों से नहीं मिला वेतन, 12 अगस्त को कुलपति का घेराव

रांची: रांची विश्वविद्यालय में कार्यरत अतिथि शिक्षकों को पिछले वर्ष मई 2023 से अधिकांश महाविद्यालयों के शिक्षकों को मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है. सभी शिक्षकों की आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है, दिन प्रतिदिन का जीवन जीना दुष्वार हो चुका है. अपने मानदेय के भुगतान के लिए आज विभिन्न महाविद्यालयों से शिक्षक रांची विश्वविद्यालय के कुलपति अजीत कुमार सिन्हा से मुलाकात के लिए राज्य विश्वविद्यालय आए थे, परंतु कुलपति से मुलाकात नहीं होने के कारण मायूस होकर वापस लौट गए. इस पर संघ के अध्यक्ष अरविंद प्रसाद ने कहा कि रांची विश्वविद्यालय के ढुलमुल रवैया के कारण आज हम लोग की आर्थिक स्थिति इतनी दयनीय हो चुकी है. जीना दुष्वार हो गया है, जबकि रांची विश्वविद्यालय के पदाधिकारी को हमारी स्थिति को लेकर किसी भी प्रकार की चिंता नहीं है.
मौके पर मौजूद डॉ निखिल कुमार ने कहा कि उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग और रांची विश्वविद्यालय के बीच सिर्फ पत्राचार हो रहा है. समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है, जिसके कारण आज हमारी स्थिति दयनीय हो चुकी है. यदि विश्वविद्यालय को उच्च शिक्षा की चिंता होती तो अवश्य ही हम लोगों से संबंधित समस्या का समाधान किया जाता. संघ ने निर्णय लिया है कि 12 अगस्त दिन सोमवार को रांची विश्वविद्यालय के कुलपति अजीत कुमार सिन्हा का घेराव किया जाएगा.
मुलाकात करने वाले शिक्षकों में डॉ. हैदर अली, डॉ. सतीश तिर्की, सूरज विश्वकर्मा, सौरभ कुमार, शाहबाज आलम, निखिल कुमार, मनीष मिश्रा, मोहम्मद ताल्हा, अनजान मिश्रा, डॉ. रंजू कुमारी, डॉ. राकेश प्रसाद, डॉ. ज्योति डुंगडुंग,पूनम कुमारी, डॉ. तसलीमा, मनमोहन टुडू, विकास कुमार, जिज्ञासा ओझा, निहारिका महतो आदि उपस्थित रहे.
