वायनाड में मौसम हुआ साफ, वायुसेना ने शुरू किया राहत एवं बचाव कार्य

वायनाड (केरल), 8 अगस्त (आईएएनएस)। केरल के वायनाड में मौसम साफ होने के बाद गुरुवार को राहत एवं बचाव कार्य एक बार फिर शुरू हो गया। खराब मौसम के कारण आ रही बाधा के बाद गुरुवार को भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर राहत एवं बचाव दल के सदस्यों तथा सामग्रियों के साथ वहां पहुंचे।

पिछले दिनों वायनाड में लैंडस्लाइड के बाद सैकड़ों लोगों की जान चली गई थी जबकि बहुत से लोग अब भी लापता हैं। राज्य सरकार और केंद्र सरकार के सहयोग से राहत एवं बचाव का कार्य जारी है। हालांकि मौसम खराब होने से कई बार रेस्क्यू ऑपरेशन और राहत कार्य रोकना पड़ा है।

आज सुबह मौसम साफ होने के बाद सेना ने राहत एवं बचाव कार्य फिर शुरू किया है। वायुसेना ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर कुछ फोटो और वीडियो शेयर किये। उसने पोस्ट में लिखा कि कलपेट्टा में मौसम के साफ होने का बेसब्री से इंतजार करने के बाद, आज खोज अभियान में मदद के लिए फोर्स के हेलीकॉप्टरों ने उड़ान भरी है। गत 30 जुलाई को वायनाड में आई आपदा के बाद से अब तक वायु सेना के हेलीकॉप्टरों ने 700 किलोग्राम से अधिक राहत सामग्री, आठ आम नागरिकों, विशेष अभियान समूह और वायुसेना की टीमों को पहुंचाया है।

केंद्र और राज्य सरकारें आपदा प्रभावित लोगों को भरपूर मदद मुहैया करा रही हैं। उन्होंने लोगों के लिए मुआवजे की घोषणा की है। वायनाड लोकसभा सीट से इस्तीफा दे चुके सांसद राहुल गांधी ने मौके का दौरा करने के बाद कहा है कि कांग्रेस पार्टी लोगों के लिए 100 से ज्यादा घरों का निर्माण कराएगी। राज्य सरकार ने शिक्षकों और सरकारी कर्मचारियों से अपील की है कि वे मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में अपने वेतन का पांच प्रतिशत दान करें।

–आईएएनएस

डीकेएम/एकेजे

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More