पलामू: सामुदायिक पुलिसिंग के तहत निःशुल्क कोचिंग की शुरुआत
पलामू: जिले के मनातू थाना अंतर्गत आने वाले अति उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीण बच्चों के लिए सामुदायिक पुलिसिंग के तत्वावधान में आगामी प्रतियोगिता परीक्षा उत्पाद सिपाही, झारखण्ड पुलिस, झारखण्ड सचिवालय, एसएससी जीडी इत्यादि परीक्षाओं की तैयारी हेतू निःशुल्क कोचिंग गुरूवार को प्रारंभ की गई. यह कक्षा प्रत्येक सप्ताह गुरूवार और रविवार को लगायी जायेगी. बता दें कि मनातू थाना अंतर्गत आने वाले गाँव अति उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र होने के साथ साथ आर्थिक, अंध विश्वास एवं पढ़ाई लिखाई की क्षेत्र में अति पिछड़ा हुआ है, जिसे वरीय पुलिस पदाधिकारी पलामू के निर्देशानुसार निःशुल्क कोचिंग की माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में गुणवतापूर्ण शिक्षा देने का पहल किया जा रहा है.
इस पहल के माध्यम से ग्रामीण जनता एवं पुलिस के बीच समन्वय स्थापित कर ग्रामीण जनता एवं पुलिस के बीच बढ़ती दूरी को कम करने का प्रयास किया जा रहा है. साथ ही लोगों को पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक कदम बढ़ाया जा रहा है. इस कक्षा में उग्रवाद प्रभावित गाँव नागद, केदल, करमा, मिटार, पदमा, रबदा एवं मनातू के बच्चे शामिल हो रहे हैं और कक्षा से लाभान्वित हो रहे हैं. यह कक्षा मनातू थाना में पदस्थापित पुअनि निर्मल उरांव थाना प्रभारी मनातू थाना, पुअनि राजेश कुमार, पुअनि संतोष कुमार गुप्ता, पुअनि अनीश राज मनातू थाना के द्वारा लिया जायेगा. इस प्रकार की पहल से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में बहुत खुशी है और बच्चे भी पढ़ने के लिए उत्सुक हैं. पलामू पुलिस परिवार की ओर से यह पहल निरंतर जारी रहेगा.
