चाईबासा: सारंडा में नक्सलियों ने किया आईईडी ब्लास्ट, एक एसआई घायल
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के छोटानागरा व जराईकेला थाना क्षेत्र के सारंडा के जंगल में नक्सलियों की टोह में निकले चाईबासा पुलिस व सीआरपीएफ तथा कोबरा बटालियन के जवान के द्वारा संयुक्त रूप से सर्च अभियान चलाया जा रहा था. उसी दौरान नक्सलियों द्वारा आईईडी बम बलास्ट किए जाने के कारण कोबरा बटालियन के एक एसआई घायल हो गए. मिली जानकारी के अनुसार गुरूवार की अहले सुबह नक्सलियों के खिलाफ सारंडा जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा एक आइईडी विस्फोट किया गया, जिसमें कोबरा 209 वीं बटालियन के एसआई जीतेन्द्र के घायल होने की सूचना है. इसकी अधिकारिक पुष्टि एसपी आशुतोष शेखर ने की.
नक्सली कैंप की तरफ बढ़ रहे थे जवान तभी नक्सलियों ने किया आईईडी ब्लास्ट
बताया गया कि भाकपा माओवादी नक्सलियों का जमावड़ा सारंडा के बालिबा गांव क्षेत्र के घने जंगलों में होने की पक्की सूचना के बाद भारी संख्या में सीआरपीएफ, कोबरा, झारखंड जगुआर एवं झारखंड पुलिस के जवानों को 7 अगस्त की सुबह से लेकर शाम तक छोटानागरा के रास्ते बालिबा जंगल में भेजा गया था. गुरुवार की अहले सुबह कोबरा व सीआरपीएफ के जवान बालिबा गांव से लगभग डेढ़-दो किलोमीटर दूर नक्सली कैंप की तरफ बढ़ रहे थे तभी नक्सलियों ने एक आईईडी ब्लास्ट किया. इसमें उक्त एसआई के घायल होने की खबर है. घायल एसआई को घटनास्थल से सुरक्षित जगह लाकर बेहतर इलाज के लिए हेलिकॉप्टर से भेजा गया है. हेलीकॉप्टर सुबह 9.37 बजे एसआई को लेने कोलाइबुरु मैदान में उतरा और उसे लेकर तुरंत रांची रवाना हो गया.
एसआई जितेन्द्र दानी घायल, स्थिति स्थिर
पुलिस कप्तान द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि प्रतिबंधित भाकपा (माओ) नक्सली संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, चमन, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन अपने दस्ता सदस्यों के साथ सारंडा / कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधि के लिए भ्रमणशील है, जिसके आलोक में चाईबासा पुलिस, कोबरा 209 BN, 203 BN, 205 BN, झारखण्ड जगुआर एवं सीआरपीएफ 60 BN, 197 BN, 157 BN, 174 BN, 193 BN, 134 BN, 26 BN, 11 BN की टीमों का एक संयुक्त अभियान दल गठित कर लगातार अभियान संचालित किया जा रहा है. इसी क्रम में प्रतिबंधित भाकपा (माओ) नक्सली संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनल, अनमोल, अश्विन, पिंटु लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपटन अपने दस्ता सदस्यों के साथ सारंडा / कोल्हान क्षेत्र में भ्रमणशील होने की सूचना प्राप्त हुई, जिसके आलोक में बुधवार (07.08. 2024) से एक संयुक्त अभियान छोटानागरा एवं जराईकेला थाना के सीमावर्ती जंगली क्षेत्र में प्रारंभ किया गया है. अभियान के दौरान गुरूवार (08.08.2024) को समय लगभग 07.30 बजे पूर्वाहन छोटानागरा थानान्तर्गत वनग्राम बलिबा के आस-पास जंगली / पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों को लक्षित करने के उद्देश्य से नक्सलियों द्वारा पूर्व में लगाये गये I.E.D को विस्फोट किया गया, जिसकी चपेट में आने से कोबरा 209 BN. के एसआई जितेन्द्र दानी जख्मी हो गये. उक्त जख्मी पदाधिकारी की स्थिति स्थिर है.
जवान को एयरलिफ्ट कर भेजा गया रांची
पुलिस बल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस मुख्यालय, झारखण्ड, रॉची एवं सीआरपीएफ झारखण्ड सेक्टर, झारखण्ड रॉची के सहयोग से हेलीकॉप्टर के माध्यम से तत्काल प्राथमिकी उपचार के पश्चात जख्मी पदाधिकारी को उच्चत्तर ईलाज हेतु रॉची भेजा गया है. संचालित नक्सल विरोधी अभियान जारी है.
