विनेश के साथ गलत हुआ, गोल्ड मेडल निश्चित था, हरियाणा और देश का नुकसान : इनेलो

झज्जर , 7 अगस्त (आईएएनएस)। विनेश फोगाट के पेरिस ओलंपिक से डिस्क्वालिफिकेशन के बाद इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि हमारा गोल्ड मेडल निश्चित था। इससे हरियाणा और पूरे देश का नुकसान हुआ है।  

उन्होंने कहा कि, “हर फेडरेशन के अपने नियम-कायदे होते हैं। लेकिन 100 ग्राम वजन बढ़ने के चलते किसी के साथ ऐसी नाइंसाफी करना गलत है। इससे सिर्फ मेडल आने से नहीं चूका है, बल्कि एथलीट का मन भी टूट जाता है। इसके लिए केंद्र सरकार को कोई बातचीत करना चाहिए। हमारे खेल मंत्री और इंटरनेशनल कमेटी के जो दो मेंबर हैं, उनको भी इस बारे में बात करनी चाहिए।”

“रेसलिंग फेडरेशन को भी इस मामले पर बात करनी चाहिए। अगर रेसलर इस तरह से अयोग्य घोषित होंगे, तो हम कैसे अपने बच्चों का मनोबल बढ़ाएंगे? इसलिए विनेश को मौका मिलना चाहिए। हमारा गोल्ड मेडल निश्चित था। हरियाणा और पूरे देश का नुकसान हुआ है।”

गौरतलब है कि विनेश फोगाट ने 50 किलोग्राम महिला फ्रीस्टाइल रेसलिंग के फाइनल में जगह बनाई थी। वह गोल्ड मेडल जीतने से महज एक कदम दूर थीं। विनेश समेत पूरा देश मेडल का इंतजार कर रहा था। हालांकि, फाइनल मैच से कुछ घंटे पहले, बुधवार को खबर आई कि 50 किलो से 100 ग्राम वजन अधिक होने के कारण, विनेश फोगाट को ओलंपिक महिला कुश्ती से अयोग्य घोषित कर दिया गया।

अभय सिंह चौटाला ने इस दौरान मनु भाकर की उपलब्धि पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि, “हमारी बेटी को बधाई है। अब तक सभी मेडल हरियाणा के ही नाम पर है। अगला मेडल भी हरियाणा के ही नीरज चोपड़ा लेकर आएंगे।”

बता दें कि मनु ने महिला इंडिविजुअल 10 मीटर एयर पिस्टल में और मिक्स्ड इवेंट में सरबजोत सिंह के साथ मिलकर ब्रॉन्ज मेडल जीते थे। वह एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय हैं। बुधवार की सुबह मनु भाकर वतन वापस लौट आईं। मनु पेरिस ओलिंपिक की क्लोजिंग सेरेमनी में भारत की ध्वजवाहक होंगी। इसके लिए वह रविवार को होने वाले क्लोजिंग सेरेमनी के लिए पेरिस वापस रवाना हो जाएंगी।

–आईएएनएस

एसएम/एएस

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More