कोडरमा: जेजे कॉलेज में फर्जी परीक्षार्थी धराया
कोडरमा: जगन्नाथ जैन महाविद्यालय में बुधवार को बीए सेमेस्टर-3 परीक्षा के दौरान फर्जी परीक्षा दे रहे युवक को पकड़ा गया. युवक की पहचान नीरज कुमार, पिता-प्रयाग साव, नवलशाही के रूप में हुई है. बता दें कि बुधवार को पहली पारी में डिजिटल एजुकेशन विषय की परीक्षा संचालित हो रही थी. जानकारी के अनुसार परीक्षार्थी दिवाकर कुमार साव की जगह पर फर्जी तरीके से नीरज कुमार परीक्षा देते पाया गया.
केंद्राधीक्षक सह प्राचार्य ने फर्जी परीक्षा दे रहे युवक को पुलिस के हवाले कर दिया. जानकारी के अनुसार फर्जी परीक्षा देने के आरोपी को कोडरमा थाना में हिरासत में रखा गया है. वहीं जेजे कॉलेज के केंद्राधीक्षक सह प्राचार्य मामले में एफआईआर दर्ज करा रहे हैं. परीक्षा विभाग को सूचना मिलते ही फर्जी परीक्षा दे रहे युवक को कॉलेज के सी-5 रूम से धर दबोचा गया.
