राजनीतिक मृत्यु शय्या पर हेमंत सरकार, लूट पर पर्दा डालने के लिए ‘मइयां सम्मान योजना’ की शुरुआत: प्रतुल शाहदेव

रांची: विधान सभा चुनाव से ठीक पहले हेमंत सरकार की ओर से शुरु की गयी झारखंड मुख्यमंत्री मइयां सम्मान योजना की मंशा और टाइमिंग पर सवाल खड़ा करते हुए भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने दावा किया है कि राजनीतिक मृत्यु शैया पर पड़ी सरकार इस योजना को लाकर  पांच वर्षों की अपनी लूट, खसोट और भ्रष्टाचार पर पर्दा डालना चाहती है. मइयां सम्मान योजना सम्मान योजना से पहले सरकार को स्थानीय नीति, नियोजन नीति और 1932 का खतियान का क्या हश्र हुआ, इसकी सच्चाई बतानी चाहिए. जिस सरकार ने बेरोजगारों को सात हजार रुपये प्रति माह बेरोजगारी भत्ता देने का दावा किया था, आज महिलाओं को एक हजार देने का वादा कर चुनावी बैतरणी पार करना चाहती है. 

मुख्यमंत्री के तमाम दरबारी जेल के भीतर

प्रतुल शाहदेव ने दावा किया कि हेमंत सरकार ने अपने भ्रष्टाचार से झारखंड को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बदनाम किया. सीएम हेमंत का जेल घूम कर वापस आने से पहले ही ग्रामीण विकास मंत्री मंत्री वहां पहुंच गये. आज मुख्यमंत्री के तमाम दरबारी जेल के भीतर हैं. राज्य में हाहाकार की स्थिति है और विधि व्यवस्था चौपट. इस अव्यवस्था से लोगों को ध्यान हटाने के लिए आनन-फानन में ‘मइयाँ सम्मान योजना’ की शुरुआत कर दी गयी. लेकिन चार दिन में ही इसकी कलई खुल गयी. सर्वर डाउन और बिचौलिये हावी है. फार्म जमा नहीं हो पा रहा है, महिलाओं की कतार लगी है, लेकिन हर दिन उन्हे निराशा हाथ लग रही है. महिला उत्पीड़न के मामले में 19 वर्षों की रिकॉर्ड टूट गया. 5 वर्षों में लगभग 7000 बहू -बेटियों की आबरू लूटी गई, सरकार लूट, खसोट में इतनी लीन रही कि उसने पास अपने ही निश्चय पत्र को पलट कर देखने का अवसर नहीं मिला. यदि झामुमो प्रवक्ता ने एक बार भी 2019 का ‘निश्चय पत्र’ देख लिया गया होता, तो यह दावा सामने नहीं आता कि उसके मेनिफेस्टो में महिलाओं को चूल्हा भत्ता में ₹2000 प्रतिमाह देने का प्रावधान नहीं था. राजनीतिक मृत्यु शैया पर पड़ी यह सरकार चाहे जितनी कोशिश भी कर लेकिन विधानसभा चुनाव में इसका सुपड़ा साफ होना तय है. 

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More