पलामूः खेत जोतने गए पिता-पुत्र की करंट लगने से मौत
पलामूः जिले में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. खबर है कि खेत में पटवन के लिए गए पिता-पुत्र की करंट लगने से मौत हो गई. घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है. मिली जानकारी के अनुसार पांकी थाना क्षेत्र के हुरलौंग में करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत हो गई. हादसा उस समय हुआ जब दोनों खेत में धनरोपनी के लिए खेत तैयार कर रहे थे. मृतकों की पहचान नागेंद्र चंद्रवंशी और उनके बेटे पिंटू चंद्रवंशी के रूप में हुई है. दोनों खेत में बुआई के लिए तैयारी करने गए थे. खेत में पहले से बिजली का तार गिरा हुआ था. दोनों को इसकी जानकारी नहीं थी.
घटना के बारे में बताया गया कि नागेंद्र चंद्रवंशी जैसे ही खेत में घुसे, वैसे ही वे बिजली की चपेट में आ गए. पिता को बचाने के लिए उनके बेटे पिंटू चंद्रवंशी भी खेत में घुस गए और वे भी करंट की चपेट में आ गए. बाद में स्थानीय ग्रामीणों ने बिजली कनेक्शन काटकर दोनों को इलाज के लिए पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया. वहां से उन्हें मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.
