चाईबासा: फाइलेरिया उन्मूलन, पल्स पोलियो अभियान व अन्य स्वास्थ्य सेवाओं पर जिला समन्वय समिति की बैठक
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त कुलदीप चौधरी की अध्यक्षता में फाइलेरिया उन्मूलन, पल्स पोलियो अभियान एवं घर- घर कुष्ठ खोजी अभियान-2024 के निमित्त जिला समन्वय समिति की बैठक आहूत की गई. बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण तहत फाइलेरिया उन्मूलन हेतु सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम (MDA-IDA)-2024 अंतर्गत 10 अगस्त से 25 अगस्त तक व्यापक अभियान का संचालन सुनिश्चित किया गया है. इसके तहत फाइलेरिया विलोपन लक्ष्य की प्राप्ति हेतु जिला अंतर्गत लक्षित आबादी 16,10,853 को डीईसी, एलबेंडाजॉल एवं आईमरमेक्टिन की एक खुराक खिलाई जायेगी. अभियान तहत 1 वर्ष से कम उम्र के बच्चे, गर्भवती महिला एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति शामिल नहीं होगें.
2509 बूथ में 5017 दवा प्रशासक के रूप में आंगनवाड़ी सेविका व सहिया होंगी मौजूद
एमडीए कार्यक्रम के सफलीकरण हेतु जिलान्तर्गत कुल 2509 बूथ बनाए गए हैं, जिसमें 5017 दवा प्रशासक के रूप में आंगनवाड़ी सेविका व सहिया होंगी तथा कार्यक्रम के पर्यवेक्षण हेतु कुल 481 पर्यवेक्षक बनाये गए हैं. प्रखण्ड व जिला स्तर पर रैपिड रिस्पांस टीम भी पूरे कार्यक्रम में तैनात रहेगी. बैठक में बताया गया कि जिला अंतर्गत 25 अगस्त से पल्स पोलियो कार्यक्रम और 28 अगस्त से 13 सितंबर तक तकरीबन 3,82,777 घरों में घर-घर कुष्ठ खोजी अभियान का भी संचालन किया जाएगा. जिसके लिए कुल 2350 खोजी दल का गठन किया गया है. बैठक में उपायुक्त के द्वारा जनसमुदाय को कार्यक्रम से अवगत कराने हेतु वृहद प्रचार-प्रसार करने, प्रतिकूल प्रभाव के लिए त्वरित कार्य दल गठन करने एवं सभी दवा प्रशासकों एवं पर्यवेक्षकों को कार्यशील व दक्ष बनाने हेतु प्रशिक्षण सत्र का आयोजन कराने का निर्देश दिया गया.
ये रहे उपस्थित
उक्त बैठक में उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा, सहायक समाहर्ता अर्णव मिश्रा, सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डा भारती मिंज, जिला शिक्षा पदाधिकारी, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, नगरपरिषद चक्रधरपुर एवं चाईबासा के कार्यपालक पदाधिकारी, सभी प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी सहित डबल्यूएचओ, पिरामल फाउण्डेशन एवं पीसीआई के प्रतिनिधि व अन्य उपस्थित रहे.
