सरयू राय के एंट्री समारोह से नीतीश गायब! किस उलझन में हैं सुशासन बाबू
.jpg)
रांची: सियासी गलियारों में चल रहे कयासों पर विराम लगाते हुए आखिरकार सरयू राय की जदयू में एंट्री हो गयी. पटना में आयोजित एक कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश अध्यक्ष खीरु महतो की उपस्थिति में जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने पार्टी की सदस्यता दिलवाई और इसके साथ ही नीतीश कुमार के बाल सखा और सियासी सहयात्री रहे सरयू राय जदयू का औपचारिक हिस्सा बन गये. हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि भारतीय जन मोर्चा, जिसके सरयू राय मार्गदर्शक रहे हैं, उसकी स्थिति क्या होगी? क्या सरयू राय के साथ ही भारतीय जन मोर्चा भी जदयू में समाहित हो गया या वह स्वतंत्र रुप से अपनी सियासी गतिविधियों को अंजाम देता रहेगा? कई राजनीतिक जानकार सरयू राय की एंट्री को झारखंड की सियासत में बड़ा उलटफेर मान रहे हैं. उनकी नजर में सरयू राय की जदयू में एंट्री पूर्व सीएम और वर्तमान में ओडिशा के राज्यपाल की भूमिका का निर्वहन करते रघुवर दास के लिए बड़ा सियासी झटका है. जमशेदपुर पूर्वी की जिस सीट से रघुवर दास लगातार पांच बार विधानसभा पहुंचे, वहां ही वर्ष 2019 में, सीएम की कुर्सी पर विराजमान रहते हुए भी सरयू राय के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा.
जदयू परिवार में आपका स्वागत है!
झारखंड के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री, जमशेदपुर पूर्वी के माननीय विधायक सरयू राय जी को जदयू की सदस्यता दिलाई।
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार के माननीय मुख्यमंत्री @NitishKumar जी के साथ उनका पिछले कई दशकों से व्यक्तिगत संबंध रहा है। मुझे… pic.twitter.com/dx9gOO3V39
— Sanjay Kumar Jha (@SanjayJhaBihar) August 4, 2024
सीटिंग-गेटिंग फार्मूले के तहत जमशेदपुर पूर्वी सीट पर नजर
अब सीटिंग-गेटिंग फार्मूले के तहत जदयू की होगी और सरयू राय एक बार फिर से उसी जमशेदपुर पूर्वी से ताल ठोकेंगे और यह अपने पतोहू को सियासी अखाड़े में उतराने की ख्वाहिश पाल रहे रघुवर दास के सपनों पर कुठाराघात होगा. इसके साथ ही रघुवर दास को भविष्य में भी अपने लिए किसी नये ठिकाने की तलाश करनी होगी. कई जानकार तो यह भी दावा कर रहे हैं कि जदयू में एंट्री के पहले ही जमशेदपुर पूर्वी सीट को लेकर भाजपा से सहमति बन चुकी है. भाजपा से सीट को लेकर हरी झंडी मिलने के बाद ही सरयू राय ने जदयू का दामन थामा हालांकि इस दावे की सच्चाई का कोई पुख्ता संकेत या प्रमाण नहीं है.
क्या इस सियासी पराभव को स्वीकार करेंगे रघुवर दास?

निश्चित रुप से इसके लिए अभी इंतजार करना होगा और इसके साथ ही रघुवर दास की सियासत पर नजर रखनी होगी. भले ही वर्ष 2019 में इस सीट से रघुवर दास को एक विशेष परिस्थिति में हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन इस बात से भी इंकार भी नहीं किया जा सकता कि जमशेदपुर पूर्वी सीट पर रघुवर दास की मजबूत पकड़ है, और सामाजिक समीकरण भी उनके पक्ष में है. क्या रघुवर दास इतनी आसानी इस सियासी पराभव को स्वीकार करेंगे? या फिर अंतिम समय में कोई खेल होगा? जहां तक रघुवर दास के सियासी पकड़ की बात है, तो वह पीएम मोदी के काफी करीब माने जाते हैं, और 2014 में सीएम की कुर्सी तक पहुंचाने में भी पीएम मोदी की भूमिका का दावा किया जाता रहा है. आज भी झारखंड में चुनावी सियासी रणनीतियों का निर्माण करते वक्त रघुवर दास की सलाह को सम्मान की नजर से देखा जाता है. टिकट वितरण में पसंद का ख्याल रखा जाता है. इस हालत में सरयू राय की एंट्री रघुवर दास के लिए कितना बड़ा झटका है, फिलहाल इसके लिए इंतजार करना होगा.
पिछड़ा और वैश्य राजनीति का मजबूत चेहरा रघुवर दास
दूसरी बात जो रघुवर दास के पक्ष में जाती है, वह है झारखंड का सामाजिक समीकरण, जिस वैश्य जाति से रघुवर दास आते हैं, खास कर तेली जाति की झारखंड में एक बड़ी आबादी है. तेली जाति को भाजपा का कोर वोटर माना जाता है. यानि वैश्य चेहरे के साथ ही रघुवर दास झारखंड की सियासत में पिछड़ों का चेहरा भी हैं, जबकि दूसरी ओर सरयू राय के पास कोई ऐसा सामाजिक आधार नहीं है, जिसके लिए भाजपा को अलग से कोई विशेष मशक्कत करनी पड़े. अगड़ी जाति के कई मजबूत चेहरे पहले से उसके साथ हैं. खास कर तब जब सरयू राय जदयू का दामन थाम चुके हैं, जमशेदपुर पूर्वी की सीट सरयू राय की चाहत का सम्मान भाजपा की मजबूरी नहीं बल्कि जदयू की प्रतिष्ठा का सवाल होगा.
भाजपा के साथ अपने संबंधों पर पुनर्विचार का जोखिम लेगा जदयू?
क्या जदयू सरयू राय के लिए भाजपा के साथ अपने संबंधों पर पुनर्विचार करने का जोखिम लेगा? क्या झारखंड की सियासत में सरयू राय जदयू का सबसे बड़ा चेहरा होंगे? जिसके लिए भाजपा के साथ रिश्तों पर विराम लगाते हुए स्वंतत्र रुप से अखाड़े में कूदने का फैसला लिया जायेगा? क्या सरयू के पास वह सामाजिक आधार है, जो जदयू को झारखंड में सियासी जमीन प्रदान करेगी? और सबसे बड़ी बात क्या भाजपा झारखंड की सियासत में जदयू को मजबूत कर अपने पैरों पर कुल्हाड़ी मारने की भूल करेगी? पहले ही बिहार में तीसरे दर्जे की पार्टी होकर जदयू भाजपा को अपनी उंगलियों पर नचाती रही है. कभी अंदर तो कभी बाहर का खेल दिखाती रही है, यदि झारखंड में जदयू के हिस्से पांच से छह सीटे आ जाती है, तो क्या झारखंड में बिहार का सियासी ड्रामा देखने को नहीं मिलेगा?
झारखंड में “बिहारी पॉलिटिक्स” का नजारा

जिस तरीके से नीतीश कुमार बिहार में पालबदल का खेल करते रहे हैं, यदि बिहार में एक और पालाबदल की नौबात आयी, तो झारखंड में भाजपा की बनी बनाई सरकार खतरे में नहीं आ जायेगी? क्या भाजपा के रणनीतिकार इस बात लेकर पूरी तरह से आश्वस्त है कि पालाबदल के चैंम्पियन नीतीश कुमार अब स्थायी रुप से भाजपा के साथ आ चुके हैं, और अब कोई और खेल नहीं होने वाला है? जहां तक झारखंड की सियासत में जदयू का सियासी वजूद का सवाल है तो पिछले कई चुनाव में वह अपने दम खम पर अखाड़े में उतर कर सियासी ताकत का मुआयना कर चुकी है. जिस कुर्मी वोटरों के सहारे जदयू झारखंड में अपनी पुनर्वापसी की मंशा पाल रहा है. उस कुर्मी पॉलिटिक्स के यहां पहले सी ही कई मजबूत दावेदार हैं. एक चेहरा तो आजसू प्रमुख सुदेश महतो का ही है, जो पहले से ही भाजपा के साथ है, और नीतीश कुमार की तुलना में कहीं ज्यादा भरोसेमंद भी? बावजूद इसके भाजपा उसके हिस्से में पांच से छह सीट से ज्यादा देने को तैयार नहीं है, जबकि जदयू अपने नगण्य प्रभाव के बावजूद 12 सीटों पर दावेदारी ठोक रही है, और सियासी पकड़ की हालत यह है कि जिस खीरु महतो को झारखंड जदयू का चेहरा बनाया गया है. वह खुद 2005 के बाद मांडू से अपनी जीत का इंतजार कर रहे हैं. इस हालत में जदयू की इस चाहत का भाजपा में कितना सम्मान होगा, देखने वाली बात होगी.
सरयू राय के एंट्री समारोह से नीतीश गायब!
लेकिन इन तमाम सवालों से बड़ा सवाल यह भी है कि जब सरयू राय को पार्टी का पट्टा पहनाकर विधिवत जदयू में एंट्री करवायी जा रही थी, बाल सखा और सियासी सहयात्री नीतीश कुमार की गैरमौजूदगी कई सवाल खड़ा करता है. सरयू राय की एंट्री को झारखंड की सियासत में बड़ा उलटफेर मानने वाले भी इस बात की अनदेखी कर रहे हैं कि सरयू राय एंट्री सेरेमनी से नीतीश कुमार ने दूरी क्यों बनाई? क्या सरयू राय का सियासी कद इतना छोटा था, कि उनके इंट्री समारोह में शामिल होने की जरुरत सीएम नीतीश ने नहीं महसूस की, या फिर जदयू में शामिल होने को लेकर सरयू राय में इतनी बैचनी थी, इसके लिए सरयू राय ने नीतीश कुमार की उपस्थिति होने का भी इंतजार नहीं किया? या फिर क्या सरयू राय की भूमिका लेकर अभी भी नीतीश कुमार पूर्णरुपेण आश्वस्त नहीं है? उनके मन के किसी कोने में कोई दूसरी खिचड़ी भी पक रही है. अभी वह परिस्थितियों को तौलने में लगे हैं? यहां यह भी ध्यान रखना चाहिए कि पटना में नीतीश से मुलाकात के बाद जब सरयू राय ने झारखंड की सियासत में जदयू के लिए अलग रास्ते का संकेत दिया था, पूरी झारखंड इकाई सरयू राय पर टूट पड़ी थी. कई तो सरयू राय को आईना दिखलाने की कोशिश करते भी नजर आ रहे थें, इसमें झारखंड जदयू से जुड़े कई नेता भी थें. तब भाजपा के साथ जदयू के अटूट रिश्तों की दुहाई देते हुए सरयू राय के बयान को निजी राय बताया गया था, तो क्या सरयू राय को लेकर झारखंड जदयू में भी सब कुछ सामान्य नहीं है? सरयू राय की एंट्री को पार्टी के लिए मुसीबत माना जा रहा है, कार्यकर्ताओं के अंदर उमड़ते इसी सवाल का नीतीश कुमार आकलन कर रहे हैं, जबकि सरयू राय जदयू में शामिल होने को बेचैन थें. खास कर सरयू का राय का जो सियायी अंदाज रहा है, वह जिस पार्टी में भी रहे हैं, उस पार्टी के मुसीबत खड़ी करते रहे हैं, क्या जदयू नेताओं को यह डर भी खाये जा रहा है कि पार्टी ने भाजपा की मुसीबत को गले लगा लिया, अब तक जो खेल सरयू राय भाजपा में खेल रहे थें, अब वही खेल जदयू में भी देखने को मिलेगा?
