अधिवक्ता हत्याकांड: रांची पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

रांची: सिविल कोर्ट के अधिवक्ता गोपाल कृष्ण उर्फ गोपी बाबू हत्याकांड में रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने हत्याकांड में शामिल मुख्य अपराधी रोशन मुंडा को गिरफ्तार कर लिया है. रोशन मुंडा को अनगड़ा से गिरफ्तार किया गया है. अपराधी और पुलिस के बीच मुठभेड़ के बाद पुलिस ने रोशन मुंडा को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि, मुठभेड़ के दौरान रोशन मुंडा का सहयोगी संदीप कालिंदी भागने में सफल रहा. मिली जानकारी के अनुसार, जब अपराधियों को पकड़ने के लिए कोतवाली डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम अनगड़ा पहुंची तो अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फायरिंग की. बताया गया कि रोशन मुंडा के पैर में गोली लगी है.

सुखदेवनगर थाना क्षेत्र का रहने वाला है मुख्य अपराधी 

मिली जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता गोपी कृष्ण के हत्यारे की पहचान शुक्रवार को ही हो गई थी. अपराधी की पहचान होने के बाद एसआईटी की टीम उसकी तलाश में जुटी थी, इसी बीच शनिवार की देर रात सूचना मिली कि अधिवक्ता हत्याकांड में शामिल अपराधी रोशन मुंडा अनगड़ा थाना क्षेत्र के महेशपुर में छिपा हुआ है. जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अनगड़ा थाना क्षेत्र के महेशपुर स्थित बगान टोली के घर को घेर लिया. पुलिस ने अपराधी को सरेंडर करने को कहा, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. अपराधी के फायरिंग के बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई शुरू की. पुलिस की तरफ से भी कई राउंड फायरिंग की गई. इसी बीच एक गोली अपराधी के पैर में लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया. हालांकि इस बीच अपराधी का दूसरा साथी संदीप कालिंदी मौके से भागने में सफल रहा. मुठभेड़ के बाद रांची पुलिस ने अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है. अपराधी रोशन मुंडा सुखदेवनगर थाना क्षेत्र का रहने वाला है. फिलहाल पुलिस दूसरे अपराधी की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. गिरफ्तार अपराधी के पास से एक पिस्टल भी बरामद किया गया है. आपको बता दें कि रांची सिविल कोर्ट के अधिवक्ता गोपाल कृष्ण की शुक्रवार सुबह उनके आवास के बाहर चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी.

लेखक के बारे में

By Subodh Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More