राजधानी में बिगड़ती कानून व्यवस्था के बीच डीजीपी की हाई लेवल मीटिंग, अपराध नियंत्रण को लेकर थाना प्रभारियों को चेताया
राँची: महज 36 घंटे में पुलिस सब इंस्पेक्टर अनुपम कच्छप की गोली मारकर और अधिवक्ता गोपाल कृष्ण की चाकू घोंपकर हत्या करने व कांग्रेस नेता सह जमीन कारोबारी राजेश मुंडा पर जानलेवा हमला होने की घटना के बाद राजधानी में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर डीजीपी अनुराग गुप्ता ने एक हाई लेवल मीटिंग की। एसएसपी कार्यालय के सभागार में आयोजित इस बैठक राची जोन के आईजी अखिलेश गुप्ता,डीआईजी अनूप बिरथरे, एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, ट्राफिक एसपी के अलावा जिले के सभी वरीय पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी और यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। बैठक में विशेष शाखा के पुलिस सब-इंस्पेक्टर अनुपम कच्छप की बीती रात हुई दुखद हत्या पर शोक प्रकट करते हुए, उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन भी रखा गया।
वर्दी और अनुशासन संबंधी निर्देश
डीजीपी ने सभी पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश दिए कि वे अपने-अपने पुलिस प्रतिष्ठानों में हमेशा वर्दी के साथ नेम प्लेट पहनें। उन्होंने जोर देकर कहा कि पुलिस प्रतिष्ठानों में आने वाले सभी आगंतुकों के साथ अच्छा व्यवहार करना और उनकी समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए त्वरित और विधिसम्मत कार्रवाई करना प्रत्येक पुलिस कर्मी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि नागरिकों के प्रति पुलिस के व्यवहार में संवेदनशीलता और सहानुभूति का होना बेहद जरूरी है। पुलिस अधिकारियों को आम जनता की भलाई के लिए काम करने के निर्देश दिए।
महिलाओं की सुरक्षा
महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए,सभी परिवहन स्थलों, जैसे कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त लाइटिंग और सीसीटीवी कैमरों की समय-समय पर जांच और निगरानी का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा के प्रति पुलिस कर्मियों को अधिक संवेदनशील और सतर्क रहना होगा। महिला उत्पीड़न और अपराधों के मामलों में त्वरित कारवाई को उच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
अपराध नियंत्रण के उपाय

डीजीपी ने सभी थानों को पुराने अपराधियों की एक विस्तृत सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया है, ताकि उन पर लगातार नजर रखी जा सके तो वहीं एसएसपी को जिले के सभी अपराधियों की सूची बनाने का भी निर्देश दिया। इसके अलावा अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार आसूचना संकलन करने और उनकी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने का भी निर्देश दिया।
डीजीपी ने सभी थाना प्रभारियों को साफ शब्दों में निर्देश दिया कि वह प्रत्येक दिन वारंटियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान के तहत (समकालीन) छापेमारी करें साथ ही सभी वारंटी व अपराधियों पर नकेल कसने हेतु जल्द से जल्द उनकी गिरफ्तारी करें। इसके अलावा सम्पतिमूलक, संगठित अपराध और नारकोटिक्स के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के लिए सभी पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया।
मादक पदार्थों पर नियंत्रण
मादक पदार्थों के वितरण और खरीद-बिक्री पर पूर्ण रोकथाम के लिए जीरो टोलरेंस नीति को अपनाने का संकल्प लिया गया है। पुलिस को निर्देश दिया गया है कि वे मादक पदार्थों के उत्पादन, परिवहन, भंडारण, और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करें। साथ ही गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान के निर्देश दिये। इसके लिए मादक पदार्थों के व्यापार से जुड़े अपराधियों की जानकारी इकट्ठा करने और उनका नेटवर्क ध्वस्त करने की रणनीति तैयार की गई है।
डीजीपी ने कहा कि मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी मादक पदार्थ व्यापार में शामिल मुख्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए विशेष टीमें गठित की जाएंगी। मादक पदार्थ के व्यापार से जुड़े लोगों के नेटवर्क का पता लगाकर उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी साथ ही बड़ी मात्रा में जप्त मादक पदार्थों के कांडों में गिरोह के सरगना तक पहुंचने का निर्देश दिया
भूमि विवाद और भू-माफिया पर कार्रवाई
बैठक में थाना प्रभारियों को भू-माफिया, ज़मीन दलालों को चिन्हित कर भूमि विवाद से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के लिए विशेष निर्देश दिए गए। तो वहीं डीजीपी ने यह भी कहा कि यदि एक भी असली भूमि माफिया सूची से गायब मिला तो संबंधित थाना प्रभारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी. भूमि विवाद से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा की जाएगी और भू-माफियाओं को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सभी अपराधियों के विरुद्ध सर्विलांस प्रोसिडिंग खोलने का निर्देश दिया
यातायात पुलिस की तैनाती प्रत्येक रोड, चौक, और चौराहों पर यातायात पुलिस की नियमित तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए विशेष टीमों को तैनात किया जाएगा जो ट्रैफिक की निगरानी करेंगी। ट्रैफिक कंट्रोल में स्लाइडर्स/ बैरियर का उपयोग यातायात को सुचारू रूप से चलाने के लिए डिवाइडर्स का सही तरीके से उपयोग किया जाएगा। सभी सड़कों पर ट्रैफिक संकेतकों की उचित व्यवस्था की जाएगी और ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करवाया जाएगा। अभियान विशेष अभियान चलाकर बिना हेलमेट, ओवरस्पीडिंग, और गलत पार्किंग जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाया जाएगा। जिले में अधिकाधिक स्थानों यथा पेट्रोल पंप मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स , अपार्टमेंट ,बैंक, व्यवसायिक प्रतिष्ठान, बस स्टैंड , रेलवे स्टेशन आदि पब्लिक प्लेसेज पर सघन प्रयास कर सीसीटीवी लगाने का भी निर्देश दिया गया ।
बैठक के अंत में डीजीपी अनुराग गुप्ता ने जिले सभी पुलिस उपाधीक्षकों और थाना प्रभारियों को एक टीम के रूप में अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आदेश दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि ये उपाय राँची जिले में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होंगे। यह बैठक अपराध नियंत्रण एवं पुलिस कार्यक्षमता को सुधारने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
