राजधनवार का खेल! भाजपा-झामुमो दोनों के लिए तुरुप का इक्का अनूप सोंथालिया

रांची: राजनीति में रिश्तों की मियाद लम्बी नहीं होती, वक्त और हालात देख प्यादे भी अपनी चाल चलने लगते हैं. कुछ यही कहानी उस राजधानवार की है. जिस मिट्टी से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल आते हैं, फिलहाल इसी राजधनवार से विधायक हैं. बताया जाता है कि वर्ष 2014 में तात्कालीन सीएम रघुवर दास ने जब ऑपरेशन कमल चलाया और उस ऑपरेशन कमल में बाबूलाल की पार्टी के विधायकों ने भाजपा का दामन थाम लिया था, तब संकट के उस दौर में बाबूलाल के सामने विधान सभा में एंट्री का सवाल खड़ा हो गया था, मुसीबतों में धीरे बाबूलाल ने तब अनूप सोंथालिया को तुरुप का पत्ता के रुप में इस्तेमाल करते हुए जीत की पटकथा लिखी थी. तब भाजपा का कोर वोट माने जाने वाले वैश्य समाज में सेंधमारी करते हुए अनूप ने 22,624 वोट हासिल कर बाबूलाल की जीत का मार्ग प्रशस्त किया था, और यही 22,624 वोट भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मण प्रसाद सिंह के हार की वजह बनी थी. उस मुकाबले में जहां बाबूलाल को 52,352 को जीत की वरमाला मिली थी, तो 34,802 वोट के साथ लक्ष्मण प्रसाद सिंह को दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा था. 

राजनीति में रिश्तों की मियाद लम्बी नहीं होती

राजधनवार का खेल! भाजपा-झामुमो दोनों के लिए तुरुप का इक्का अनूप सोंथालिया
वर्ष 2019 में चुनाव प्रचार करते अनूप सोंथालिया ( फाइल फोटो)

 

लेकिन जैसा की कहा जाता है कि सियासत में रिश्तों की मियाद लम्बी नहीं होती, वक्त और हालत के साथ प्यादे भी चाल चलते हैं. बदले हालात में बाबूलाल के उसी तुरुप के पत्ते पर सियासी दलों की नजर है. सामाजिक समीकरणों को सामने रख कर जीत और हार की संभावना टटोली जा रही है. भाजपा से लेकर झामुमो की नजर अनूप सोंथालिया पर टिकी हुई है. हालांकि महागठबंधन के अंदर सीट बंटवारे मे राजधनवार किसके हिस्से आयेगी, अब तक कोई साफ तस्वीर नहीं उभर रही, राजकुमार यादव ताल ठोकने की तैयारी करते जरुर दिख रहे हैं, लेकिन यह बात दावे के साथ नहीं कहा जा सकता कि महागठबंधन राजकुमार यादव को ही अपना चेहरा बनायेगी. चेहरे की खोज अभी भी जारी है, यही कारण है कि अनूप सोंथालिया की संभावना बनती नजर आ रही है.

महागठबंधन कर सकता है बड़ा खेला 

दरअसल स्वतंत्र उम्मीदवार के रुप में जिस तरीके से अनूप सोंथालिया ने अपने पहले ही प्रयास में 22,624 वोट पाया है, यदि इस बार किसी पार्टी सिम्बल का सहारा मिला तो यह आंकड़ा और भी आगे जा सकता है. वैश्य समाज का एक बड़ा हिस्सा और भी मजबूती के साथ इस बार साथ खड़ा हो सकता है. खास कर यदि चुनाव चिह्न झामुमो या महागठबंधन का हो तो खेल बड़ा हो सकता है,वैश्य समाज का ही एक बड़ा हिस्सा टूटता है तो यह आंकड़ा पचास हजार के आस-पास खड़ा नजर आ सकता हैं, यदि इसके साथ 30-35 हजार अल्पसंख्यक वोट और दूसरी पिछड़ी-दलित जातियों का समर्थन मिला तो जीत की मंजिल भी दूर नहीं होगी और यदि भाजपा ने दांव लगाने की रणनीति बनायी तो भी अनूप तुरुप का पत्ता साबित हो सकते हैं. इसका भी गणित बेहद साफ है, वैश्य समाज भाजपा का कोर वोटर रहा है, अनूप के चहरे में उसे अपना चेहरा नजर आयेगा और पूरी मुस्तैदी के साथ वोट के कतार में खड़ा नजर आयेगा, दूसरी अगड़ी जातियों का भी साथ मिलेगा.

क्या कहता है सामाजिक समीकरण

यदि हम सामाजिक समीकरण को समझने  को कोशिश करें तो एक अनुमान के अनुसार राजधनवार में मुस्लिम वोटर करीबन 24 फीसदी, यादव-10 फीसदी, कुर्मी महतो 7 फीसदी, अनुसूचित जाति 14 फीसदी के साथ ही एक बड़ी आबादी वैश्य जातियों की है. इस आंकड़े से साफ है कि राजधनवार में भाजपा के पास कोर वोटर के रुप में वैश्य जाति और अगड़ी जातियों का साथ है तो महागठबंधन के पास 24 फीसदी मुस्लिम आबादी है, यानि हार जीत की पटकथा 10 फीसदी यादव और वैश्य जाति के साथ ही अनुसूचित जातियों के मतदाताओं के द्वारा ही लिखी जाती है. इस हालत में  भाजपा हो या महागठबंधन दोनों के लिए अनुप सोंथालिया तुरुप का पत्ता साबित हो सकते हैं.

भाजपा के लिए भी तुरुप का पत्ता

राजधनवार का खेल! भाजपा-झामुमो दोनों के लिए तुरुप का इक्का अनूप सोंथालिया
चुनावी प्रचार की तस्वीर (फाइल फोटो)

 

अनूप सोंथालिया की दूसरी विशेषता समाजसेवी की छवि है, जहां दूसरे सियासी पहलवानों पर चुनाव सामने देख समाज सेवा का भूत सवार होता है, वहीं चुनाव हो या चुनाव के बाद की परिस्थितियां दरवाजा हमेशा खुला रहता है. राजधानी रांची में इलाज का सवाल हो या बेटे-बेटी की शिक्षा में मदद की जरुरत, किसी को निराशा हाथ नहीं लगती. इस हालत में देखना होगा कि इस बार अनूप की सियासत किस दिशा में आगे बढ़ती है. एक खबर यह भी है कि इस बार भाजपा बाबूलाल को किसी आरक्षित सीट से मैदान में उतारना चाहती है, इस हालत में अनूप एक मजबूत दावेदार के रुप में सामने आ सकते हैं, दूसरी ओर महागठबंधन के अंदर भी चेहरे की खोज खत्म नहीं हुई है.    

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More