महाराष्ट्र: कांग्रेस नेता राहुल गांधी को ईडी से डर नहीं लगता है :  संजय राउत

पुणे, 2 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद और नेता विपक्ष राहुल गांधी ने ईडी की छापेमारी की आशंका जताई है। इस पर नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आ रही है।

शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने कहा कि राहुल गांधी को ईडी से कोई डर नहीं है। उन्हें ईडी और उनके बॉस का सामना करने की आदत हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि हम डरते नहीं, इसलिए लड़ते हैं। अगर ईडी के लोग आएंगे तो उनके लिए चाय-बिस्कुट तैयार है। जैसा राहुल गांधी ने कहा था, मेरे घर भी आए थे, तो मैंने भी स्वागत किया था।

इस दौरान संजय राउत ने एनसीपी नेता और महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार पर हमला किया। उन्होंने कहा कि अजित पवार ने खुद ही बताया है कि वो दिल्ली में किससे मिलने जाते हैं।

संजय राउत ने कहा कि सुनील तटकरे के घर पर ही अजित पवार ने बात की थी। स्वयं देवेंद्र फडणवीस ने भी यह बात कही है, जो रिकॉर्ड पर है। हमारा इससे क्या संबंध है ? देवेंद्र फडणवीस दाढ़ी लगाकर मुख्यमंत्री से मिलते थे। हमारे तब के एकनाथ शिंदे मौलवी दिल्ली जाते थे, यह उन्होंने खुद बताया है। हमने राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा उठाया तो अब यह आपको मुश्किल लगता है।

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार के दोनों उपमुख्यमंत्री और वर्तमान मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे वेश बदलकर मुलाकात करते हैं। यह राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा है। उन्होंने जो बातें कही हैं, वे घटनाएं घटी हैं। अब उन्होंने हाथ खड़ा कर दिया है क्योंकि जांच शुरू हो गई है। हम इस मुद्दे को संसद में भी उठाएंगे।

संजय राउत ने नितीन देसाई मामले पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह मराठी व्यक्ति का मुद्दा है। इस बारे में कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य के गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस और वित्त मंत्री को बोलना चाहिए।

इस दौरान उन्होंने कहा कि शिवसैनिकों का शिवसंकल्प सम्मेलन शनिवार को आयोजित होने जा रहा है। दुर्भाग्य से पश्चिम महाराष्ट्र में हमें सफलता नहीं मिली। विधानसभा में हम पुणे और ग्रामीण क्षेत्र में बड़ी ताकत से लड़ने वाले हैं। उन्होंने कहा कि आने वाली विधानसभा चुनाव में हम तीनों पार्टियां मिलकर लड़ेंगे।

शिवसेना के रूप में हम कौन सी सीटें लड़ सकते हैं, इसका आकलन हो चुका है। कोथरुड, हडपसर, वडगांव शेरी, पिंपरी, भोसरी, खडकवासला, खेड आलंदी, जुन्नर में हम चुनाव लड़ेंगे। इन सीटों पर हम लड़कर महाविकास आघाडी के रूप में जीत सकते हैं।

—आईएएनएस

एसएम/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More