वायनाड भूस्खलन : राहुल-प्रियंका ने मुंडक्कई और पुंचिरी मट्टम गांव का किया दौरा

वायनाड, 2 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को वायनाड में भूस्खलन के बाद प्रभावित इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पीड़ितों से मुलाकात की और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

राहुल गांधी ने कहा कि वायनाड में बहुत भयानक आपदा आई है और लोगों को हर तरह के मदद की जरूरत है। कांग्रेस की तरफ से यहां पर 100 से ज्यादा घरों का निर्माण किया जाएगा, ताकि प्रभावित लोगों को रहने के लिए घर मिल सके।

प्रियंका गांधी ने भी पीड़ितों से मुलाकात की और उनकी मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है और उनकी हर संभव मदद करेगी। इस दौरे के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने प्रभावित इलाकों का जायजा लिया और स्थानीय अधिकारियों से बात की।

इससे पहले शुक्रवार को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे राहत कार्यों की जानकारी ली। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को प्रशासन ने चलाए जा रहे बचाव अभियान, राहत शिविर उपचार और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में उठाए जाने वाले कदमों के बारे में जानकारी दी।

बता दें कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी गुरुवार को वायनाड पहुंचे थे। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने इस दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ितों के परिवारों से मुलाकात की। राहुल गांधी ने पीड़ितों को सांत्वना देते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मैं वायनाड के लोगों के साथ खड़ा हूं और उनकी हर संभव मदद के लिए तैयार हूं।

प्रियंका गांधी ने भी घटना पर दुख जताते हुए पीड़ितों को मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा था कि प्रभावित लोगों को तत्काल मदद दी जानी चाहिए और उनके पुनर्वास के लिए हर संभव कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा था कि हम प्रभावित लोगों के साथ खड़े हैं।

उल्लेखनीय है कि वायनाड में मंगलवार को हुए भूस्खलन में करीब तीन सौ लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। इस घटना में चार गांव पूरी तरह से तबाह हो चुके हैं। भूस्खलन के कारण कई घर और सड़कें ध्वस्त हो गए हैं, जिससे लोगों को निकालना मुश्किल हो गया है। बचाव कार्य जारी है, लेकिन भारी बारिश के कारण यह कार्य प्रभावित हो रहा है।

–आईएएनएस

पीएसके/जीकेटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More