टी20 की तरह खेलेंगे टेस्ट क्रिकेट, तो आएंगे दर्शक: वीरेंद्र सहवाग

नई दिल्ली: दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के प्रमुख रोहन जेटली और भारत के पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने अगस्त के दूसरे हाफ में शुरू होने वाली दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) के पहले सीजन के बारे में बात की। रोहन जेटली इस लीग के अध्यक्ष भी हैं।

इस टी20 लीग में पुरुष और महिला दोनों वर्गों के मैच होंगे और टूर्नामेंट का आयोजन अरुण जेटली स्टेडियम में होगा। लीग के लिए फ्रेंचाइजी की नीलामी पिछले रविवार को हुई थी, जिसमें छह पुरुष टीमों की कुल 49.65 करोड़ रुपए में बिक्री हुई थी।

रोहन जेटली ने बताया कि इस लीग में खेलने के लिए उन्होंने भारत के विकेटकीपर ऋषभ पंत से भी बात की है। उन्होंने लीग में भाग लेने का वादा किया है, लेकिन यह उनकी उपलब्धता और राष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं पर निर्भर करता है। इसके अलावा, नवदीप सिंह और हर्षित राणा भी लीग में खेलेंगे।

लीग के ब्रांड एंबेसडर पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने लीग को लेकर अपना उत्साह व्यक्त किया और कहा कि यह युवा क्रिकेटरों के लिए एक सुनहरा मौका है।

सहवाग ने यह भी कहा कि अगर वह 2024 में 18 साल के होते, तो उनका असली फोकस क्रिकेट खेलने पर होता, चाहे वह कोई भी फॉर्मेट हो। क्योंकि दिन के अंत में आपको खेल का आनंद लेना होता है। बिना अपने खेल का लुत्फ उठाए, आप आगे नहीं बढ़ सकते हैं।

सहवाग ने टेस्ट मैचों में टी20 क्रिकेट के बढ़ते प्रभाव पर कहा कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के पिछले दो सीजन में भारत फाइनल में पहुंचा है। टेस्ट क्रिकेट को अगर टी20 की तरह खेलेंगे, तो दर्शक स्टेडियम में मैच देखने के लिए आएंगे। पहले ऑस्ट्रेलिया की टीम ऐसा करती थी, इसके बाद भारत ने ऐसा करना शुरू किया और अब इंग्लैंड क्रिकेट टीम ऐसा कर रही है।

इसी बीच, रोहन जेटली ने बताया कि जल्द ही दिल्ली प्रीमियर लीग में प्लेइंग कंडीशन, नियम आदि से जुड़ा डाटा शेयर किया जाएगा। जैसे-जैसे लीग ग्रो करेगी, वैसे-वैसे टीमों की संख्या भी बढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि, हम इस लीग को जितना संभव हो सके, आईपीएल की तरह बनाने की कोशिश कर रहे हैं। आपको स्टेडियम के वातावरण से ही इसका अंदाजा लग जाएगा। हम चाहते हैं अधिक से अधिक लोग स्टेडियम में मैच देखने आएं, इसके लिए टिकटों की कीमत भी बहुत कम रखी जाएगी।

डीपीएल के पहले सीजन में कुल 40 मैच होंगे, जिसमें पुरुष वर्ग में 33 और महिला वर्ग में 7 मैच होंगे। इसमें वेस्ट दिल्ली लायंस, नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स, साउथ दिल्ली सुपरस्टारज़, पुरानी दिल्ली-6, दिल्ली किंग्स, ईस्ट दिल्ली राइडर्स नाम की छह फ्रेंचाइजी शामिल होंगी।

डीपीएल के मैचों का प्रसारण स्पोर्ट्स 18 पर होगा और लाइव स्ट्रीमिंग जिओ सिनेमा पर होगी।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More