‘जाति प्रमाण पत्र का ठेला, उनकी जन्म कुंडली का झमेला बन गया’, विपक्ष पर बरसे मुख्तार अब्बास नकवी

नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। लोकसभा में मंगलवार को भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने ‘जिसकी जाति का पता नहीं, वह गणना की बात करता है’ वाला बयान दिया। उनके इस बयान पर सियासी घमासान जारी है। इसी घमासान में अब भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी की एंट्री हुई है। जाति को लेकर वह विपक्ष पर बरसे हैं।

मुख्तार अब्बास नकवी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोगों की जाति प्रमाण पत्र का ठेला उनकी जन्म कुंडली का झमेला बनता जा रहा है। उनकी जन्म कुंडली का झमेला बन जाए तो इसी तरह का हुड़दंग और हंगामा दिखाई देगा। विपक्ष की आदत हो गई है कि वह कुल्हाड़ी पैर पर नहीं मार रहे हैं, वो अपना पैर कुल्हाड़ी पर मार रहे हैं।

कांग्रेस पर शायराना अंदाज में हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि अभी बिना शतक के उनकी इतनी शरारत है। उनकी हालत यही है कि जरा सा जनता ने क्या नवाजा कि आगे बैठे हो पहली सफ़ में, तुम्हारा लहजा बता रहा है कि तुम्हारी दौलत नई-नई है। बिना शतक के आप इतनी शरारत कर रहे हैं तो जनता आपका आगे क्या करेगी, ये आप समझ सकते हैं।

केंद्र सरकार की ओर से बिहार के लिए आवंटित बजट पर विपक्ष की बयानबाजियों पर नकवी ने कहा कि स्पेशल पैकेज मिलने पर लोग अब हंगामा कर रहे हैं। भेदभाव का आरोप लगा रहे हैं कि क्यों बिहार को इतना दे दिया, क्यों आंध्र प्रदेश को इतना दे दिया।

हिमाचल प्रदेश और केरल में आई आपदा को लेकर उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से जानमाल का नुकसान हुआ है। निश्चित तौर पर केंद्र राज्य सरकार के साथ मिलकर लोगों को राहत देने का काम करेगी। लेकिन, जहां तक केरल का सवाल है, वहां जितनी बड़ी तादाद में जान और माल का नुकसान हुआ है, वह राज्य सरकार की आपराधिक लापरवाही को दिखाता है।

–आईएएनएस

पीएसके/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More