कोडरमा: झुमरीतिलैया में पहली बार लगेगा मालवाहक वाहनों पर चुंगी

कोडरमा: झुमरीतिलैया नगर परिषद इस माह से आधे दर्जन स्थलों पर बेरिकेट लगाकर शहर में प्रवेश होने वाले माल वाहक वाहनों से चुंगी वसूलेगा. इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर दी गई है, जो शहर में लागू हो रहा है. झुमरी तिलैया के नगर प्रशासक अंकित गुप्ता ने बताया कि शहर के महाराणा प्रताप चौक, सुभाष चौक सहित अन्य इलाकों में संबंधित एजेंसी के लोग टैक्स वसूलने का काम करेंगे. उन्होंने कहा कि शहर के विकास और यातायात पर नियंत्रण के लिए यह व्यवस्था की जा रही है. इस तरह का टैक्स गिरिडीह, चतरा, हजारीबाग आदि नगर परिषद के द्वारा भी किया जाता रहा है. उन्होंने कहा कि शहर के विभिन्न वार्डों में स्ट्रीट लाइटें खराब है, उन्हें दुरुस्त किया जा रहा है. स्वतंत्रता दिवस से पूर्व कई इलाकों में स्ट्रीट लाइट जगमग करने लगेंगे. 

नगर प्रशासक अंकित गुप्ता ने बताया कि मालवाहक टेंपो के लिए ₹ 50 प्रति ट्रिप, ट्रैक्टर एवं 407 के लिए ₹ 100 प्रति ट्रिप और बड़े माल वाहक वाहनों ट्रक एवं टेलर पर ₹200 प्रति ट्रिप की जाएगी वसूली की जाएगी. उन्होंने आगे बताया कि शहर में प्रतिदिन ट्रैफिक जाम समस्या से निजात दिलाने के लिए फुटपाथ पर लगने वाली दुकानों को हटाने का अभियान भी किया जाएगा एवं ठेले एवं खोमचे वालों को स्थापित करने के लिए ब्लॉक मैदान सहित मडुवाटांड़ दुर्गा मंडप के नजदीक वेंडिंग जोन बनाया जाएगा. इसके लिए डीपीआर तैयार किया जा रहा है. बुधवार को नए जेई के साथ भी उन्होंने बैठक की और टैक्स वसूली के साथ-साथ नक्शा पास करने की प्रक्रिया और सरकारी जमीनों पर हो रहे अवैध निर्माण को रोकने की बात कही. 

बैठक में जेई वेद प्रकाश, चंदन कुमार, नितीश कुमार, पंकज कुमार मुख्य रूप से शामिल थे. पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि नगर विकास विभाग के द्वारा इस वर्ष होल्डिंग टैक्स के लिए लक्ष्य 9 करोड़ 75 लाख निर्धारित किया गया है. 31 जुलाई तक इसमें 2 करोड़ 80 लाख की वसूली होल्डिंग टैक्स में हो गई है. वहीं, वाटर टैक्स में लक्ष्य एक करोड़ 54 लाख निर्धारित किया गया. जिसके विरुद्ध 31 जुलाई तक 17 लाख 50 हजार के राजस्व की वसूली की गई है, जो लक्ष्य का 14 प्रतिशत है. इसके अलावा ट्रेड लाइसेंस के लिए 12 लाख 50 हजार चालू वित्तीय वर्ष में रखा गया है जिसमें 31 जुलाई तक चार लाख 13 हजार की वसूली की जा चुकी है. 

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More