मुजफ्फरनगर, मेरठ में कांवड़ यात्रा में शामिल शिव भक्तों पर हुई पुष्प वर्षा

मुजफ्फरनगर, 1 अगस्त (आईएएनएस)। यूपी के मुजफ्फरनगर और मेरठ में कांवड़ यात्रा की सुरक्षा को लेकर हवाई सर्वेक्षण किया जा रहा है और यात्रा कर रहे शिव भक्तों पर पुष्प वर्षा की जा रही है।

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार कांवड़ यात्रा कर रहे शिव भक्तों की आस्था का सम्मान करने के लिए रास्ते में पुष्प वर्षा का आयोजन करा रही है। इसी सिलसिले में यूपी के मुजफ्फरनगर में कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कराई गई।

मुजफ्फरनगर के सिटी मजिस्ट्रेट विकास कश्यप ने पुष्प वर्षा को लेकर कहा कि शासन के आदेश के अनुसार जिलाधिकारी महोदय और एसएसपी महोदय द्वारा हमारे कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की जा रही है। पुष्प वर्षा के लिए हमने कई पॉइंट चिन्हित किए हैं, उसमें शिवचौक, पुरकाजी है। ये दोनों कांवड़ियों के लिए मुख्य स्थल हैं। हमने पहले भी कांवड़ियों का स्वागत किया है और अब भी पुष्पवर्षा कर स्वागत की जा रही है।

बता दें कि करोड़ों शिवभक्त उत्तराखंड के हरिद्वार से चलकर देश के कई अलग-अलग स्थानों के शिवालयों पर जलाभिषेक के लिए निकले हैं। कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर यूपी पुलिस अलर्ट है। मुजफ्फरनगर प्रशासन भी कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता है।

मुजफ्फरनगर के एसएसपी अभिषेक सिंह व जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने खुद सुरक्षा की कमान संभाल रखी है। इसी सिलसिले में शुक्रवार को हेलीकॉप्टर के जरिए कांवड़ यात्रा का हवाई सर्वेक्षण किया गया और साथ ही आस्था का सम्मान करते हुए कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की गई। इस दौरान पुष्प वर्षा से गदगद होकर कांवड़ यात्रियों ने हर हर महादेव के जयकारे भी लगाए।

उधर मेरठ में भी गुरुवार को कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। डीएम और एसएसपी ने हेलीकॉप्टर से शिव भक्तों पर फूल बरसाए। मेरठ के ऐतिहासिक औघड़नाथ मंदिर, दिल्ली देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग, पल्लवपुरम, सिवाय टोल प्लाजा पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा देखकर कांवड़िए गदगद हो गए।

पुष्प वर्षा से खुश शिव भक्तों ने भगवान भोलेनाथ और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए नारे भी लगाए।

कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा जिलाधिकारी दीपक मीणा और एसएसपी विपिन ताड़ा की ओर से की गई। हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन से उड़ा और फिर बाबा औघड़नाथ मंदिर पल्लवपुरम, बागपत फ्लाईओवर, सिवाया टोल, दौराला, सकौती सहित पूरे एनएच-58 मार्ग पर कांवड़ियों पर फूल बरसाए गए। हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा के दौरान कावड़ मार्ग का हवाई सर्वेक्षण भी किया गया।

–आईएएनएस

विकेटी/एससीएच

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More