बोकारो: बंद पड़े दो आवासों का ताला तोड़कर चोरों ने की लाखों की चोरी

बोकारो: जिला के बेरमो थाना क्षेत्र के फुसरो नगर परिषद क्षेत्र के अंतर्गत सुभाषनगर बंजरंग मोड़ स्थित न्यू लिटिल प्लावर स्कूल के समीप सीसीएल के बंद दो माइन्स क्वार्टर में चोरों ने जेवरात, कीमती कपड़े एवं नकदी समेत लाखों की चोरी कर ली. गुरूवार को पड़ोसियों ने देखा कि दरवाजे पर लगा हुआ ताला और दरवाजे की कुंडी टूटी हुई है. घर के अंदर रखा आलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ है. बक्सा और दिवान में रखा सारा समान बिखरा पड़ा है. घटना की सूचना पाकर बेरमो थाना प्रभारी संजीत कुमार सिंह और एसआई ननका उरांव ने दल बल के साथ पहुंचकर लोगों का बयान लिया और छानबीन में जुट गए.
घर के मालिक जितेन्द्र दूबे के भाई रत्नेश्वर दुबे ने बताया कि कई दिनों से वे पूरे परिवार सहित बिहार के औरंगाबाद जिला के कुटुम्बा गए हुए हैं. उन्होंने बताया कि शुक्रवार को उन सबके लौटने के बाद ही कितना का चोरी हुआ है पता चल सकेगा. वहीं, मिठाई लाल के बंद आवास का भी ताला तोड़कर जेवरात, कीमती कपड़े और नगद की चोरी हुई है. मिठाई लाल पूरे परिवार के साथ इलाहाबाद गये हुए हैं. भाजपा फुसरो नगर महामंत्री टुनटुन तिवारी और भाजपा नेता छोटु रवानी ने बताया कि सीसीएल के बंद क्वार्टरों में ऐसी चोरी की घटनाएं आए दिन हो रही है. लोग जब भी आवास बंद कर कहीं बाहर जाते हैं तो घात लगाए बैठे चोर गिरोह वहां धावा बोल देते हैं. अधिकांश मामले में पुलिस को चोरों का कोई अता पता नहीं मिल पाता है.
