कोडरमा: जननी सुरक्षा योजना में पायी गयी भारी अनियमितता, 14 लाख रुपए गबन का मामला

कोडरमा: जिले के सतगावां प्रखंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जननी सुरक्षा योजना में हुए अनियमितता की जांच पूरी कर ली गई है. उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने प्रेस वार्ता कर बताया कि जननी सुरक्षा योजना में हुए अनियमितता की जांच के लिए उप विकास आयुक्त ऋतुराज की अगुवाई में पांच सदस्यीय जांच टीम का गठन किया गया था. टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से लेकर बैंकों के लेनदेन की गहनता से जांच की.
14 लाख रुपए गबन का मामला
जांच में यह पाया गया कि लिपिक अजीत कुमार और बीटीटी दिनेश चौधरी ने मिलकर संस्थागत प्रसव के बाद महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना के तहत दिए जाने वाली राशि में अनियमितता किया और यह रकम अलग-अलग खाते में ट्रांसफर किया. जबकि इस योजना के तहत संस्थागत प्रसव के बाद महिला को 1400 रुपये की राशि दी जाती है. जांच में जनवरी से अभी तक 14 लाख रुपए की अनियमितता की गयी है. इस बाबत जानकारी देते हुए उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने बताया कि गबन की गई राशि की रिकवरी के साथ विभागीय कार्रवाई करने की अनुशंसा की गई है.
